रानू मंडल के मैनेजर ने खोजा एक और सिंगर, लोगों ने बताया 'यंग किशोर कुमार'
नई दिल्ली। रानू मंडल प्लेबैक सिंगर के तौर पर बॉलीवुड में डेब्यू कर चुकी हैं। म्यूजिक डायरेक्टर हिमेश रेशमिया की अगली फिल्म हैप्पी हार्डी एंड हीर के लिए प्लेबैक सिंगिंग कर रही रानू मंडल रोज एक नई इबारत लिख रही हैं। रानू मंडल की किस्मत बदलने के पीछे जिस शख्स का हाथ है, वह अतींद्र चक्रवर्ती हैं। अतींद्र ने ही राणाघाट पर रानू का गाना गाते वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसके बाद रानू मंडल का नाम हर किसी की जबान पर था। वहीं, रानू का वीडियो शेयर करने वाले अतींद्र ने एक और वीडियो शेयर किया है, लेकिन ये किसी और का वीडियो है जिनकी आवाज बहुत मधुर है।

सुराजीत मुखर्जी का वीडियो किया पोस्ट
वीडियो में नजर आ रहा शख्स सुराजीत मुखर्जी है। सुराजीत 'परिचय' फिल्म का गाना 'मुसाफिर हूं यारों' गाना गा रहे हैं। 'परिचय' फिल्म के इस गाने को किशोर कुमार ने गाया था। सुराजीत के गाने का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यहां तक कि लोग सुराजीत की आवाज की तुलना किशोर कुमार से भी करने लगे हैं। लोग सुराजीत की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, एकदम किशोर कुमार की आवाज
सुराजीत के गाने पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। यूजर्स अतींद्र की तारीफ भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'यंग किशोर कुमार को ढेरों शुभकामनाएं, आगे बढ़ते रहो। एक अन्य यूजर ने लिखा, एकदम किशोर कुमार की आवाज, तुम बहुत अच्छा कर रहे हो।' ऐसे ही कई लोगों ने सुराजीत की मधुर आवाज की तारीफ की है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या सुरजीत को भी रानू की तरह बॉलीवुड में बड़ा मौका मिल पाता है या नहीं।

रानू मंडल का वीडियो अतींद्र ने ही शेयर किया था
ये अतींद्र चक्रवर्ती ही थे जिन्होंने रानू मंडल का वीडियो शेयर किया था। इसके बाद वह सोशल मीडिया पर छा गई थीं। लता मंगेशकर के गाने गाकर अपना गुजारा करने वाली रानू मंडल का नाम आज हर किसी की जबान पर है। आज रानू अपनी जादुई आवाज से सभी को फैन बना चुकी हैं। कुछ समय पहले बेसहारा और गरीबी का जीवन गुजारने वाली रानू ने हिमेश की आने वाली फिल्म में दो गाने गाए हैं। वहीं, रानू मंडल के चर्चा में आने के बाद उनको लेकर तरह-तरह के दावे किए जाते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications