महाराष्ट्र के बाद भाजपा शासित इस राज्य पर शिवसेना की निगाहें, संजय राउत ने किया बडा़ दावा
महाराष्ट्र में सरकार गठन के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने अब इस भाजपा शासित राज्य में बड़े उलटफेर के संकेत दिए हैं...
Recommended Video
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा सीटें हासिल करने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी की सरकार चार दिन भी नहीं चल पाई और बहुमत के अभाव में देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद गुरुवार को राज्य में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के गठबंधन की सरकार का गठन हो गया है। मुंबई के शिवाजी स्टेडियम में तीनों पार्टियों के गठबंधन के नेता के तौर पर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्मंत्री पद की शपथ ली। महाराष्ट्र में सरकार गठन के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने अब एक और भाजपा शासित राज्य में बड़े उलटफेर के संकेत दिए हैं।

'महाराष्ट्र के बाद अब गोवा का नंबर'
दरअसल महाराष्ट्र के बाद अब भाजपा शासित गोवा पर शिवसेना की निगाहें हैं। शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, 'गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम विजई सरदेसाई तीन विधायकों के साथ शिवसेना के साथ गठबंधन कर रहे हैं। ठीक वैसे ही जैसे महाराष्ट्र में हुआ था, गोवा में भी एक नया राजनीतिक मोर्चा जन्म ले रहा है। जल्दी ही गोवा में भी आपको एक चमत्कार दिखाई देगा। यह पूरे देश में होगा। महाराष्ट्र के बाद अब गोवा का नंबर है और इसके बाद हम बाकी राज्यों में जाएंगे। हम इस देश में एक गैर-भाजपा राजनीतिक मोर्चा बनाना चाहते हैं।'

'महाराष्ट्र में जो हुआ, वो गोवा में भी होना चाहिए'
वहीं, चुनावी हलफनामे में दो आपराधिक मामलों की जानकारी छुपाने के आरोप में पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस को जारी हुए समन के मामले पर सवाल का जवाब देते हुए संजय राउत ने कहा, 'मुझे मालूम नहीं। हम लोग अभी गोवा की राजनीति में बिजी हैं। महाराष्ट्र की राजनीति खत्म।' वहीं, संजय राउत के बयान के बाद गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजई सरदेसाई ने कहा, 'सरकारें घोषणा करके नहीं बदली जाती हैं। सब अचानक होता है। महाराष्ट्र में जो हुआ, वो गोवा में भी होना चाहिए। विपक्ष को साथ आना चाहिए। हम संजय राउत से मिले हैं। 'महा विकास अघाड़ी' का गठन किया गया है, जिसे गोवा में भी बढ़ाया जाना चाहिए।'

गोवा में फिलहाल भाजपा की सरकार
आपको बता दें कि गोवा में विधानसभा की 40 सीटें हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस यहां 17 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, जबकि भाजपा के खाते में 13 सीटें गईं थी। कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने की तैयारी कर ही रही थी कि उसके 10 विधायक टूटकर भाजपा के साथ चले गए और 27 विधायकों के समर्थन के साथ भाजपा ने गोवा में सरकार बना ली। गोवा में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी, गोवा फॉरवर्ड पार्टी और निर्दलियों के खाते में 3-3 सीटें। एक सीट पर एनसीपी का कब्जा है।

'फडणवीस को विरोधी दल नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई'
इससे पहले सांसद संजय राउत ने ट्वीट कर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी तंज कसा है। संजय राउत ने ट्वीट करते हुए कहा, 'महाराष्ट्र में विरोधी पक्ष ही नहीं रहेगा, यह दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विरोधी दल नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई...!' एक और ट्वीट में संजय राउत ने कहा, 'हम शतरंज में कुछ ऐसा कमाल करते हैं, कि बस पैदल ही राजा को मात करते हैं।' महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही संजय राउत लगातार भाजपा पर ट्वीट कर निशाना साध रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications