गुजरात चुनाव खत्म होते ही PM ने दिल्ली में बुलाई बैठक, दो दिवसीय सत्र में आगामी चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा
गुजरात चुनाव खत्म होते ही पीएम मोदी आगामी चुनावों को लेकर भी एक्शन में आ गए हैं। इसको लेकर आज उन्होंने पार्टी के बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की दिल्ली में बैठक बुलाई। दो दिवसीय इस सत्र में आगामी चुनावों पर चर्चा होगी।

गुजरात विधानसभा चुनाव में वोट डालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करने के लिए दिल्ली में हो रही दो दिवसीय रणनीति सत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के बड़े नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। क्योंकि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा 2024 लोकसभा चुनाव में तीसरी बार जीत दर्ज करने को लेकर रणनीतियां तैयार कर रही है। माना जा रहा है कि पार्टी की तरफ से दो दिवसीय "स्नेह मिलन अभियान" में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया जाएगा।
भाजपा की तरफ से दी गई जानकारी की मानें तो पार्टी इस अभियान के जरिए पूरे देश को"सांस्कृतिक रूप से जोड़ना" पर फोकस कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता रमन सिंह ने कहा कि इस सत्र में पार्टी के बड़े और छोटे सभी पदाधिकारियों ने शिरकत की है। सत्र में शामिल होने वाले नेताओं की बड़ी लंबी सूची है।
भाजपा की तरफ से दी गई जानकारी की मानें तो चुनावों के अलावा नेताओं ने जी-20, जिसकी अध्यक्षता भारत कर रहा है, अर्थव्यवस्था और कई सांस्कृतिक मुद्दों पर चर्चा करने की योजना बनाई है।
पीएम मोदी द्वारा दो दिवसीय सत्र का उद्घाटन करने के बाद रमन सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि इस बैठक में आगामी चुनावों सहित सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सिंह ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर बैठक में बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिंह ने कहा कि जी-20 सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जी20 की बैठक में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पर चर्चा की गई। जी-20 को लेकर लोगों में जागरुकता फैल सके, इसके लिए भाजपा की तरफ से एक देशव्यापी अभियान भी चलाया जाएगा।
आपको बता दें कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हुए चुनाव को लेकर कई मीडिया संस्थानों की तरफ से एग्जिट पोल जारी कर दिया गया है। गुजरात में लगभग सभी एग्जिट्स पोल्स में भाजपा की सरकार बनते दिखाया है। वहीं, हिमाचल में कुछ एग्जिट पोल की तरफ से भाजपा की सरकार बनाते दिखाया गया है। जबकि कुछ एग्जिट पोल में भाजपा-कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर होने का अनुमान जताया गया है। आपको बता दें कि दोनों राज्यों के चुनावों का ऐलान 8 दिसंबर को किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Times Now Exit Poll: गुजरात-हिमाचल विधानसभा चुनाव का एग्जिट पोल जारी, जानें रुझाने में किसकी बन रही सरकार












Click it and Unblock the Notifications