आजाद के बाद तेलंगाना विधायक एमए खान ने दिया इस्तीफा, बोले- राहुल की सोच किसी से मेल नहीं खाती
हैदराबाद, 28 अगस्त। कांग्रेस पार्टी की एक के बाद एक मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जिस तरह से एक-एक करके नेता पार्टी का साथ छोड़ रहे हैं, उससे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के साथ तकरीबन 50 साल तक साथ रहने वाले गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया और उन्होंने 5 पेज का इस्तीफा लिखा, जिसमे राहुल गांधी पर सवाल खड़ा किया। गुलाम नबी आजाद के बाद कांग्रेस पार्टी को तेलंगाना से एक बड़ा झटका लगा है।

राहुल गांधी गंभीर नहीं
तेलंगाना कांग्रेस के विधायक एमए खान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। गुलाम नबी आजाद की ही तरह एमए खान ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल खड़ा किया है। गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी को लेकर कहा था कि वह गंभीर नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर चाटुकारों का एक गुट है। वहीं एमए खान ने भी ने कुछ इसी तरह के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद कहा कि राहुल गांधी पार्टी कमेटी के उपाध्यक्ष हैं और पार्टी ने लगातार गिरावट ही देखी है।

किसी से मेल नहीं खाती राहुल की सोच
एमए खान ने कहा कि राहुल गांधी की खुद की सोच अलग है, जोकि किसी दूसरे सदस्य के लिए मायने नहीं रखती है, वह ब्लॉक लेवल से बूथ लेवल के किसी भी कार्यकर्ता और नेता की विचारधारा से मेल नहीं खाती है। कांग्रेस अब ऐसे मुकाम पर पहुंच गई है कि अब तो पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेता साथ छोड़ रहे हैं, जिन्होंने दशकों तक पार्टी को मजबूत किया। राहुल गांधी को यह पता नहीं है कि वरिष्ठ सदस्यों के साथ कैसा बर्ताव करना चाहिए। जिस तरह के हालात हैं उसे देखते हुए मेरे पास पार्टी को छोड़ने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था।

कांग्रेस के लिए हो सकती है मुश्किल
बता दें कि शुक्रवार को गुलाम नबी आजाद ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफा देने के बाद जम्मू कश्मीर के पांच कांग्रेस नेताओं ने भी इस्तीफा दे दिया। इन सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री के फैसले का समर्थन किया है। दरअसल गुजरात, हिमाचल प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन जिस तरह से चुनाव से पहले इन नेताओं का इस्तीफा सामने आ रहा है, उसने पार्टी के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। यहां तक कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की राह इन इस्तीफों की वजह से कठिन हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications