महाराष्ट्र में फ्लोर टेस्ट पास करने के बाद अजित पवार ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में एनसीपी-कांग्रेस-शिवेसना की सरकार ने शनिवार को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट पास करने में बड़ी सफलता हासिल की थी। लेकिन जिस तरह से इस सरकार के गठन से पहले अजित पवार ने बागी तेवर दिखाते हुए देवेंद्र फड़णवीस को समर्थन दिया था, उसके बाद उन्होंने उद्धव ठाकरे सरकार के फ्लोर टेस्ट पास करने पर बड़ी बात कही है। अजित पवार ने कहा कि हमने फ्लोर टेस्ट की पहली परीक्षा पास कर ली है, अब हमारी दूसरी परीक्षा विधानसभा स्पीकर के चुनाव की है, हमे इस बात का पूरा भरोसा है कि हम आसानी से इस टेस्ट को भी पास करेंगे।

बता दें कि शनिवार को विधानसभा में उद्धव ठाकरे की सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान भाजपा के 105 विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया था। खुद पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी विधायकों के साथ सदन से वॉकाउट कर गए। भाजपा विधायकों ने अस्थायी स्पीकर के बदले जाने का विरोध किया। भाजपा विधायको ने भाजपा के प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर की बजाए एनसीपी के दिलीप वलसे पाटिल द्वारा फ्लोर टेस्ट कराने का विरोध किया था और वह सदन से वॉकआउट कर गए। बता दें कि आज विधानसभा स्पीकर के पद का चुनाव होना है।
एनसीपी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने भाजपा विधायको के वॉकाउट किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि शपथ ग्रहण समारोह कराया गया, विधानसभा का सत्र हुआ, राज्यपाल की सहमति से प्रोटेम स्पीकर का चयन हुआ और उसके बाद सदन में फ्लोर टेस्ट कराया गया। भाजपा सिर्फ अपना चेहरा बचाना चाहती है। बता दें कि विधानसभा फ्लोर टेस्ट के दौरान महा विकास अघाड़ी को 169 विधायकों ने अपना समर्थन दिया। जबकि चार लोगों को वोट देने से रोक दिया गया। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और शिवसेना के सुभाष देसाई ने वोट नहीं किया क्योंकि वह सदन के सदस्य नहीं थे।












Click it and Unblock the Notifications