Article 370 हटने के बाद J&K में घुसफैठ और आतंकी घटनाओं में आई कमी, सरकार ने दिए पूरे आंकड़े
नई दिल्ली, 1 दिसंबर: केंद्र सरकार ने आंकड़े जारी करके बताया है कि जम्मू और कश्मीर में 2018 के बाद से आतंकवादी और घुसपैठ की घटनाओं में भारी कमी आई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले तीन वर्षों के पूरे आंकड़े जारी कर कहा है कि किस तरह से इस केंद्र शासित प्रदेश में इन वारदातों पर लगाम लगता जा रहा है। हालांकि, इस साल अक्टूबर में टारगेटेड किलिंग की कुछ घटनाओं ने कश्मीर घाटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े किए थे, लेकिन कुल मिलाकर जो आंकड़ें सामने आए हैं, उससे वहां की फिजा सही मायने में बदली हुई दिख रही है। गौरतलब है कि आज ही एक रिपोर्ट आई है, जिसके मुताबिक पिछले अक्टूबर महीने में जम्मू-कश्मीर में हुई टारगेटेड किलिंग की कई वारदातों के बावजूद नवंबर में वहां पहुंचने वाले सैलानियों का सात साल का रिकॉर्ड टूट गया है।

आर्टिकल 370 हटने के बाद घुसपैठ-आतंकी घटनाए घटीं-गृह मंत्रालय
बुधवार को गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर के संबंध में आतंकी वारदातों और घुसपैठ का जो ब्योरा दिया है, उसके मुताबिक 31 अक्टूबर, 2021 तक यहां घुसपैठ की अनुमानित 28 घटनाएं सामने आई हैं। जबकि, 2018 में 143, 2019 में 141 और 2020 में 51 घुसपैठ की घटनाएं सामने आई थीं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर से मोदी सरकार ने 5 अगस्त, 2019 को आर्टिकल 370 का प्रावधान खत्म किया था और इस हिसाब से गृह मंत्रालय के दावों में दम नजर आ रहा है। उसी तरह अगर आतंकवादी वारदातों की बात करें तो गृह मंत्रालय के अनुसार 21 नवंबर, 2021 तक प्रदेश में दहशतगर्दी की कुल 200 घटनाएं हुई हैं। जबकि, आर्टिकल 370 हटने से पहले 2018 में वहां कुल 417 आतंकी घटनाएं हुई थीं। इसी तरह साल 2019 में 255 टेररिस्ट अटैक हुए थे और 2020 में यह कम होकर 244 रह गया था।

इस साल अक्टूबर में 37 आतंकी घटनाएं
केंद्र सरकार ने पिछले साल अक्टूबर से लेकर इस साल अक्टूबर तक के हर महीने हुए आतंकवादी वारदातों का भी सिलसिलेवार ब्योरा जारी किया है। अक्टूबर, 2020 में 22, नवंबर, 2020 में 15, दिसंबर, 2020 में 28, जनवरी, 2021 में 08, फरवरी, 2021 में 07, मार्च, 2021 में 11, अप्रैल, 2021 में 12, मई, 2021 में 13, जून, 2021 में 22, जुलाई, 2021 में 26, अगस्त, 2021 में 36, सितंबर, 2021 में 14 और अक्टूबर, 2021 में 37 दहशत की वारदातें हुई हैं। इसी अक्टूबर महीने में आतंकवादियों ने वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं-सिखों के अलावा दूसरे राज्य के मजदूरों की निर्मम हत्याएं की थीं।

एक साल में 165 आतंकी ढेर, 14 पकड़े गए
लेकिन, सबसे अफसोस की बात है कि सरकार ने जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके अनुसार इस एक साल की अवधि में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल के 32 और जम्मू-कश्मीर पुलिस के 19 जवानों और अफसरों की शहादतें भी हुई हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में बुधवार को जो लिखित जवाब दिया है, उसके अनुसार दिसंबर, 2020 से लेकर 26 नवंबर, 2021 तक जम्मू-कश्मीर में 14 आतंकवादियों को पकड़ा गया है और 165 आतंकी मार गिराए गए हैं। जाहिर की आतंकियों के खिलाफ हुई इन कार्रवाइयों की वजह से ही इस साल नवंबर में जितने टूरिस्ट (1.27 लाख से ज्यादा) जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं, वह बीते सात साल का रिकॉर्ड है।












Click it and Unblock the Notifications