आर्थिक तंगी के कारण सब्जी बेचकर गुजारा कर रहे एक्टर जावेद हैदर, डॉली बिंद्रा ने शेयर किया वीडियो
मुंबई। कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के बीच बहुत से लोगों को रोजी रोटी को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लॉकडाउन के बाद से बड़ी संख्या में लोगों की नौकरी चली गई है। इस संकट से ना केवल आम नागरिक बल्कि अभिनेता तक प्रभावित हो रहे हैं। कई टीवी सीरियल और फिल्मों की शूटिंग शुरू ना होने के कारण इन्हें भी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच अभिनेता जावेद हैदर का भी एक टिकटॉक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
Recommended Video

टिकटॉक वीडियो भी बनाते हैं हैदर
इस वीडियो क्लिप को अभिनेत्री डॉली बिंद्रा ने शेयर किया है। इस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैसे आमिर खान की फिल्म गुलाम में काम करने वाले अभिनेता जावेद हैदर को सब्जी बेचकर गुजारा करना पड़ रहा है। हैदर ग्राहकों को सब्जी बेचते वक्त टिकटॉक वीडियो भी बनाते हैं। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आते हैं। डॉली बिंद्रा ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें हैदर 'दुनिया में रहना है तो काम कर प्यारे' गाने पर एक्ट करते दिख रहे हैं।

डॉली बिंद्रा ने बताया किन शोज में किया काम
डॉली बिंद्रा ने वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा है, 'वो एक्टर है, आज वो सब्जी बेच रहा है, जावेद हैदर।' बता दें कोरोना वायरस लॉकडाउन में अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ मनोरंजन जगत भी काफी प्रभावित हुआ है। डॉली बिंद्रा के अनुसार अपना घर चलाने के लिए हैदर को सब्जी बेचनी पड़ रही है। एक अन्य ट्वीट में डॉली बिंद्र ने बताया है कि हैदर किन-किन शोज में काम कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने कौन सी फिल्मों में काम किया है।

टिकटॉक पर हजारों फॉलोअर्स हैं
डॉली बिंद्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पैदा हुए- भारत में। जावेद हैदर एक भारतीय अभिनेता हैं, जिन्होंने बब्बर फिल्म (2009), टीवी सीरीज जीनी और जुजू (2012) में काम किया है। उन्होंने साल 2017 में रिलीज फिल्म लाइफ की ऐसी की तैसी में भी काम किया है। लॉकडाउन महामारी के दौरान कोई काम नहीं।' डॉली बिंद्र द्वारा ये वीडियो शेयर किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को अब तक छह हजार से ज्यादा लोगों ने देख लिया है। कई लोगों ने वीडियो को शेयर किया है और बहुत से लोगों ने इसपर कमेंट भी किया है। बता दें जावेद हैदर के टिकटॉक पर 94.9 हजार फॉलोअर्स हैं और 1.5 मिलियन लाइक हैं।

लोगों ने क्या कहा?
वीडियो पर कमेंट करते हुए मिंटू नाम के यूजर ने कहा, 'इनके पॉजिटिव एटीट्यूड के लिए सम्मान, ये कैसी भी परिस्थिति में ऐसे जी रहे हैं।' अल्का नामक यूजर ने कहा, 'ये स्पिरिट होनी चाहिए। इज्जत की रोटी कमाना वो भी हंसते हंसते... इसी का नाम जिंदगी है।' रॉय नाम के यूजर ने कहा, 'जिंदा दिल इंसान, ये इंजॉय कर रहे हैं जिससे पता चलता है कि ये अपनी अभिनेता की इमेज को लेकर चिंता में नहीं हैं, इसके बजाय इन्होंने हकीकत पर यकीन कर लिया है और अपने परिवार का पेट भर रहे हैं।' आदित्या ने कमेंट करते हुए कहा, 'ये जरूरी थोड़ी है कि अभिनेता कुछ और काम नहीं कर सकते। ये अपना पेट पालने के लिए अच्छा कर रहे हैं।'
कोरोना वायरस से लड़ाई में भारत की स्थिति अन्य देशों की तुलना में काफी बेहतर: पीएम मोदी












Click it and Unblock the Notifications