केजरीवाल पर 854 करोड़ की वसूली का आरोप लगाने वाले सुशील गुप्ता को 'आप' भेजेगी राज्यसभा
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान कर बताया कि संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। संजय सिंह आम आदमी पार्टी के संयोजक हैं और लंबे वक्त से पार्टी संगठन का काम देख रहे हैं लेकिन नवीन गुप्ता और सुशील के नाम नये हैं। सुशील गुप्ता कांग्रेस से आप में आए हैं। बड़े कारोबारी सुशील पूर्व में अरविंद केजरीवाल के आलोचक रहे हैं और उनपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगा चुके हैं।

केजरीवाल के खिलाफ चलाया था हस्ताक्षर अभियान
आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ने से पहले सुशील गुप्ता कांग्रेस के साथ थे। 2015 में उन्होंने आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था। सुशील गुप्ता का केजरीवाल के खिलाफ एक पोस्टर भी इस समय काफी चर्चा में आया था। उन्होंने आम आदमी पार्टी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया था, इसी को लेकर ये पोस्टर दिल्ली में लगाए गए थे। एक रिपोर्ट में सामने आया था कि केजरीवाल सरकार ने प्रचार-प्रसार के लिए कई करोड़ रुपए खर्च किए हैं। जिसके खिलाफ सुशील गुप्ता की अगुवाई में अभियान चला था। तब केजरीवाल को वसूली करने वाला और इसे वसूली दिवस बताया गया था। पोस्टर में लिखा था कि 854 करोड़ रुपए जनता की कमाई, केजरीवाल ने प्रचार में लुटाई।

बड़े कारोबारी हैं सुशील गुप्ता
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा उम्मीदवार सुशील गुप्ता शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े हैं। उनके 20 -25 स्कूल और अस्पताल हैं। कई चैरिटेबल स्कूल भी उनके हरियाणा और दिल्ली में बताए गए हैं। सुशील दिल्ली के पंजाबी बाग में रहते हैं। सुशील के पास 150 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

पार्टी नेताओं की जगह बाहर से आए लोगों को तरजीह
आम आदमी पार्टी ने संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। आम आदमी ने राज्यसभा के लिए जिन तीन नामों की घोषणा की है, उनमें से दो ना सिर्फ आम लोगों के लिए बल्कि उनकी पार्टी के लोगों के लिए भी बाहरी ही हैं। पार्टी से केवल एक नेता संजय सिंह राज्यसभा जा रहे हैं। संजय सिंह आम आदमी पार्टी के संयोजक हैं और लंबे वक्त से पार्टी संगठन का काम देख रहे हैं। सुशील गुप्ता और नवीन गुप्ता नए हैं। नवीन गुप्ता सीए हैं और वो दो साल से पार्टी की फंडिग देख रहे हैं। वो जीएसटी और अर्थव्यवस्था से जुड़े मामलों के जानकार माने जाते हैं। आम आदमी पार्टी ने पार्टी के पुराने चेहरे कुमार विश्वास, आशीष खेतान और आशुतोष जैसे नेताओं को राज्यसभा के लिए नहीं चुना है। जबकि कुमार विश्वास लगातार खुद को राज्यसभा भेजे जाने के लिए पार्टी पर दबाव बना रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications