ओपिनियन पोल में दावा- पंजाब में AAP और यूपी में बीजेपी मजबूत
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और पंजाब में चुनावी सरगर्मी बढ़ रही है। इस बीच एक चुनावी ओपिनियन पोल से पंजाब में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि यूपी में बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।

VDP एसोसिएट्स नाम की पोलिंग एजेंसी ने चुनावी सरगर्मी को देखते हुए दोनों राज्यों में ओपिनयन पोल के आधार पर रिजल्ट शेयर किए हैं। पंजाब में करीब 43 फीसदी वोटों के साथ आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती नजर आ रही है। जबकि यूपी में बीजेपी को 31 फीसदी वोट मिल रहे हैं।
पंजाब में सीटों का गुणा-गणित
ओपिनियन पोल में दावा किया गया है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी को 93 सीटें मिल रही हैं। जबकि 15 सीटों के साथ कांग्रेस दूसरे स्थान पर है। बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को कुल 6 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि अन्य को 3 सीटें मिल रही हैं।
सिद्धू की पार्टी होगी बीजेपी के बराबर?
वोट प्रतिशत की बात करें तो AAP को कुल 43 फीसदी वोट मिल रहे हैं। कांग्रेस को 29 फीसदी, शिरोमणि अकाली दल को 18 फीसदी और बीजेपी को महज तीन फीसदी वोट मिल रहे हैं। हाल ही में लॉन्च हुई नई पार्टी आवाज-ए-पंजाब को भी तीन फीसदी वोट मिलने का दावा किया गया है। जबकि अन्य को 4 फीसदी वोट मिल रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके इस पोल पर खुशी जाहिर की है।
यूपी में बीजेपी सबसे आगे
यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियों को कुल 190 सीटें मिलती दिख रही हैं। ओपिनियन पोल में दावा किया गया है कि 111 सीटों के साथ समाजवादी पार्टी दूसरे नंबर पर है। 87 सीटों के साथ बीएसपी तीसरे और 5 सीटों के साथ कांग्रेस चौथे स्थान पर आती दिख रही है। अन्य को 10 सीटें मिल रही हैं।
कांग्रेस के लिए सही नहीं लग रहे संकेत
यूपी में बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन को 31 फीसदी, समाजवादी पार्टी को 27 फीसदी और बीएसपी को 24 फीसदी वोट मिलने का दावा किया जा रहा है। यहां कांग्रेस को 5 फीसदी और अन्य को 13 फीसदी वोट मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications