AAP ने हिंदू संगठनों को बदनाम करने के लिए शाहीन बाग में गोली चलवाई: मनोज तिवारी
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में शाहीन बाग एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। यहां हाल ही में एक शख्स ने गोली चलाई थी। जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अब इस मामले में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ता को भेजकर ये गोली चलवाई है ताकि हिंदू संगठनों को बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि शाहीन बाग के लोग नहीं चाहते कि उनकी छवि ऐसी बने। लोग बाहर से लाए गए।

मनोज तिवारी ने कहा कि AAP अपने कार्यकर्ताओं से गोली चलवाकर हिंदू संगठनों को बदनाम ना करे। दिल्ली के लोग शाहीन बाग नहीं, शांति बाग चाहते हैं। लेकिन आप लोगों का रास्ता कैसे रोक सकते हैं? वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भाजपा नेता द्वारा आतंकवादी कहे जाने के मामले में मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें किसी ने आतंकी नहीं कहा और ना ही कोई कहना चाहता है। वो केवल विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं। वो खुद प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहते हैं, फैसला 8 फरवरी को हो जाएगा।
एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी के प्रचार में अपने गानों के इस्तेमाल पर कहा कि इससे ये संदेश दिया जा रहा है कि मनोज तिवारी आम आदमी पार्टी को वोट देने के लिए लोगों से कह रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे गानों का मजाक बनाया गया है। वहीं सीएम उम्मीदवार के ऐलान को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी जीतने के बाद ही करेगी।
दिल्ली में शिक्षा क्षेत्र पर आम आदमी पार्टी के दावों पर मनोज तिवारी ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने 20 हजार कक्षाएं बनाने की बात तो कह दी लेकिन क्या वहां पढ़ाने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की। एमसीडी स्कूलों पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए निगम को जो फंड दिया जाता है, उसे अरविंद केजरीवाल की सरकार ने काट दिया है। प्रदूषण के मामले में मनोज तिवारी ने कहा कि हम दिल्ली में बीजिंग मॉडल अपनाएंगे। इसके तहत पूरे शहर में टावर लगवाए जाएंगे, जो प्रदूषण को 80 फीसदी तक कम कर देगा।












Click it and Unblock the Notifications