आलिया सिद्दीका का बड़ा खुलासा, कहा- मनोज वाजपेयी के सामने ही नवाजुद्दीन ने मुझे...
आलिया ने बताया कि जिस दिन ये सब हुआ, मनोज वाजपेयी उनके घर आए हुए थे...
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को तलाक का नोटिस भेजने के बाद उनकी पत्नी आलिया सिद्दीकी हर रोज नए आरोपों का खुलासा कर रही हैं। आलिया ने आरोप लगाया है कि नवाजुद्दीन के परिजनों ने उनका शारीरिक और मानसिक तौर पर काफी उत्पीड़न किया। अपने आरोपो में आलिया ने कहा कि नवाजुद्दीन के साथ रिलेशनशिप में उनका मान-सम्मान खत्म हो रहा था। आलिया ने कहा कि नवाजुद्दीन के पास अपने बच्चों तक के लिए समय नहीं है और इसलिए वो तलाक के बाद बच्चों को अपने पास ही रखना चाहती हैं। अब आलिया ने नवाजुद्दीन को लेकर एक और बड़े आरोप का खुलासा किया है।

'नवाजुद्दीन ने उनके सामने मुझसे...'
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, आलिया सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि नवाजुद्दीन ने एक दिन अभिनेता मनोज वाजपेयी के सामने भी उनको अपमानित किया। आलिया ने बताया, 'एक दिन मनोज वाजपेयी और कुछ अन्य कलाकार हमारे घर आए हुए थे। मैं उन लोगों के लिए खाना बना रही थी और उनसे कुछ बात करने की कोशिश कर ही रही थी कि नवाजुद्दीन ने मुझे रोकते हुए कहा- तुमको बात करना नहीं आता, तुम लोगों के सामने बात मत किया करो। नवाजुद्दीन ने उनके सामने मुझसे इस तरह से बात की। नवाजुद्दीन मुझे अपने साथ लोगों के बीच ले जाने से भी बचते थे।'

'जो इज्जत मिलनी चाहिए, वो मुझे कभी नहीं मिली'
आलिया ने कहा कि एक पत्नी के तौर पर उन्हें नवाजुद्दीन से कभी वो सम्मान नहीं मिला, जो मिलना चाहिए था। आलिया ने बताया, 'अगर नवाजुद्दीन मीडिया के लोगों से बात कर रहे हैं और इत्तेफाक से मैं वहां पहुंच गई तो वो मुझे अनदेखा कर देते थे। एक पत्नी को जो इज्जत मिलनी चाहिए, वो मुझे कभी नहीं मिली, ना कभी लोगों के सामने और ना घर में। चाहे कोई रिक्शा चलाने वाला हो या फिर सुपरस्टार, हर कोई अपनी पत्नी की इज्जत करता है। मैं तो ये सब पिछले कई सालों से भुगत रही हूं, लेकिन किसी इन्सान को इतना भी नहीं अपमानित करना चाहिए कि वो घुटन महसूस करने लगे।'

'पिछले करीब 4-5 सालों से अलग रह रहे थे हम'
अपने आरोपो में आलिया ने कहा, 'हम लोग पिछले करीब 4-5 सालों से अलग रह रहे थे और मैं जब भी बच्चों से मिलने के लिए उनसे घर आने को कहती, तो नवाजुद्दीन कोई ना कोई बहाना बना देते। हमारे बच्चे लगातार मुझसे पूछते थे कि पापा कहां हैं, कहां शूट कर रहे हैं? लेकिन, मैं उन्हें कुछ नहीं बता पाती थी। मैं उनसे मजबूरी में झूठ बोलती कि तुम्हारे पापा न्यूयॉर्क में शूटिंग कर रहे हैं। लेकिन, ये सब मैं आखिर कितने सालों तक करती? मुंबई में अपने ऑफिस में होने के बावजूद वो कभी घर नहीं आते और जब मैं उनसे कहती कि बच्चों से आकर मिल लो, तो वो कहते मैं बिजी हूं, मुझे कुछ लोगों से मिलने जाना है।'

'मेरा धर्म बदलने के लिए कहा, तो मैंने वो भी किया'
इससे पहले आलिया ने न्यूज वेबसाइट 'बॉलीवुड लाइफ' से बात करते हुए भी नवाजुद्दीन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए आलिया ने कहा, 'आप एक खास तरह से घर में पले-बड़े होते हैं, एक माहौल-एक परिवार से आप आते हैं, जिस तरह से आपकी मां और आपके भाई आपका ध्यान रखते हैं और फिर अचानक आपको अपना धर्म बदलना पड़ता है...खैर चलो कोई बात नहीं, वो शादी के जरूरी था, इसलिए जब उन्होंने मुझसे मेरा धर्म बदलने के लिए कहा, तो मैंने वो किया। लेकिन, फिर उसके बाद आपकी जिंदगी बुरी तरह बदल जाती है, आपको एहसास होता है कि आप उसकी लाइफ में कुछ थे ही नहीं, उसके जीवन में आपकी कभी कोई अहमियत ही नहीं थी।'

'पहली पत्नी ने भी इसी वजह से उनका साथ छोड़ा'
नवाजुद्दीन सिद्दीकी के घर में अपने ऊपर शारीरिक हिंसा और प्रताड़ना का जिक्र करते हुए आलिया ने कहा, 'नवाजुद्दीन ने कभी मेरे ऊपर हाथ नहीं उठाया, लेकिन हर वक्त चिल्लाना और बहस मेरे लिए बर्दाश्त से बाहर हो गए थे। आप हालांकि कह सकते हैं कि केवल यही सब तो था। हां, लेकिन उनके परिवार ने मुझे मानसिक और शारीरिक रूप से बहुत प्रताड़ित किया है। यहां तक कि उसके भाई ने मुझे मारा भी था। उनकी मां, भाई और भाभी हमारे साथ मुंबई में ही रहते थे। इसलिए, मैं पिछले कई साल से ये सब झेल रही हूं। उनकी पहली पत्नी ने भी इसी वजह से उनका साथ छोड़ा। ये उनके घर का पैटर्न है। उनके घर में उनके परिवार के लोगों के खिलाफ पहले से ही पत्नियों के सात केस दर्ज है और चार तलाक हो चुके हैं। ये पांचवां तलाक है।'












Click it and Unblock the Notifications