आदित्य ठाकरे ने ली मंत्री पद की शपथ, उद्धव सरकार में मिल सकती है ये बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को हुआ। इस दौरान शिवसेना-एनसीपी और कांग्रेस गठबंधन सरकार के कुल 36 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शिवसेना विधायक और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को भी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बनाया गया है, उन्हें कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई है। जिस तरह से आदित्य ठाकरे को मंत्री पद दिया गया है उसके बाद ये चर्चाएं लगातार जारी हैं कि आखिर उन्हें कौन सा मंत्रालय दिया जा सकता है। इस बीच इंडिया टुडे में छपी खबर के मुताबिक, आदित्य ठाकरे को सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
Recommended Video

आदित्य को मिल सकता है CMO विभाग
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अपने बेटे आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) विभाग की जिम्मेदारी दे सकते हैं। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि उद्धव ठाकरे ने केंद्र में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तर्ज पर महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) विभाग बनाने की योजना बनाई है। ऐसी संभावना है कि इस विभाग की जिम्मेदारी आदित्य ठाकरे को दी जा सकती है।

पहले मंत्रिमंडल विस्तार में आदित्य ठाकरे ने भी ली शपथ
आदित्य ठाकरे को लेकर इस तरह की संभावनाएं इसलिए भी लगाई जा रही हैं क्योंकि अभी वो राजनीति में युवा हैं। महज 29 साल की उम्र में आदित्य ठाकरे ने मुंबई की वर्ली विधानसभा सीट से चुनाव जीता और विधायक बने। ठाकरे परिवार से आदित्य ठाकरे पहले ऐसे सदस्य हैं जिन्होंने विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी की और शानदार जीत भी दर्ज की। कहा जा रहा कि उद्धव ठाकरे सीएमओ विभाग की जिम्मेदारी इसलिए भी आदित्य को देना चाहते हैं जिससे आदित्य ठाकरे को भविष्य में बड़े रोल के लिए अभी से तैयार किया जा सके।

आदित्य को बड़ी जिम्मेदारी के पीछे उद्धव का ये है दांव
वहीं सोमवार को हुए महाराष्ट्र सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में एनसीपी के दिग्गज नेता अजित पवार ने भी मंत्री पद की शपथ ली, उन्हें उद्धव सरकार में उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अजित पवार ने इससे पहले भी बीजेपी के साथ अचानक मिलकर सरकार बनाई थी, उस समय भी अजित पवार को डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी मिली थी, हालांकि बाद में बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा पाने की वजह से उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था और फिर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में नई सरकार बनी, जिसमें अजित पवार को फिर से डिप्टी सीएम बनाया गया।
इसे भी पढ़ें:- 'सांप' की वजह से एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने उतरवा दी 10 साल के बच्चे की टी-शर्ट, जानिए पूरा मामला












Click it and Unblock the Notifications