Aadhaar trailer: आधार का ट्रेलर रिलीज होते ही वायरल, लोग बोले- ये तो रुला गया
नई दिल्ली। विनीत कुमार सिंह की मुख्य भूमिका वाली फिल्म आधार का ट्रेलर (Aadhar Trailer) रिलीज हो गया है। फिल्म 5 फरवरी को थिएटर में रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही वायरल हो गया है। फिल्म झारखंड के एक छोटे से गांव क आदमी की आधार कार्ड बनवाने के लिए जद्दोजहद पर आधारित है। फिल्म में इंडिया और भारत की बात कहते हुए अमीर और गरीब के बीच का फर्क दिखाने की कोशिश की गई है। जो लोगों को भावुक कर रही है।

क्या है ट्रेलर में
आधार के ट्रेलर में दिखाया है कि गांव में कुछ सरकारी कर्मचारी पहुंचते हैं और लोगों से आधार कार्ड बनवाने के लिए कहते हैं। आधार कार्ड से किस्मत बदल जाने की बात ये टीम कहती है तो गांव का एक शख्स परसुआ (विनीत कुमार सिंह) अपना आधार कार्ड बनाने की कोशिश करता है। वो इसके लिए परेशान होता है। किसी तरह से वो आधार नंबर हासिल करने वाला गांव का पहला आदमी बन जाता है लेकिन इसके बाद उसको बहुत सी मुश्किलें शुरू होती हैं। किस तरह से उसे ठोकरें खानी पड़ती हैं, यही फिल्म में दिखाया गया है।

फिल्म में इंडिया और भारत के फर्क की बात
फिल्म के ट्रेलर में कई बार भारत और इंडिया की बात कर गांव देहात और शहर का फर्क दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म में जब सरकारी अफसर आधार की जानकारी देने आते हैं तो कहते हैं, भारत अब इंडिया बनने जा रहा है। तब परसुआ पूछता है कि भारत और इंडिया एक ही देश हैं कि अलग-अलग हैं? ट्रेलर में एक और डायलॉग है कि आजादी के 70 साल हो गए और हमारा गांव अब तक इंडिया में नहीं है।
कौन से सितारे दिखेंगे फिल्म में
सुमन घोष द्वारा निर्देशित फिल्म झारखंड के जमुआ के एक व्यक्ति की कहानी है। फिल्म में मुख्य किरदार विनीत कुमार सिंह ने निभाया है। फिल्म में संजय मिश्रा, सौरभ शुक्ला, रघुबीर यादव जैसे कलाकार भी दिखेंगे। इस फिल्म को 2018 में शूट किया गया था। फिल्म का टीजर भी 2019 में आ गया था लेकिन फिल्म अब आ रही है। ट्रेलर लोगों को पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसकी तारीफ तरते हुए लिखा है कि ये तो रुला गया।












Click it and Unblock the Notifications