मोहब्बत या पागलपन: पत्नी के सड़ चुके शव के साथ रह रहा था 90 साल का बुजुर्ग
नई दिल्ली। अब इसे मोहब्बत कहें या पागलपन या फिर उम्र का तकाजा कि एक 90 साल के इंसान को समझ ही नहीं आया कि उसकी पत्नी जिंदा है कि मुर्दा। सुनकर हैरानी हुई ना, लेकिन ये अजीबो-गरीब मामला सामने आया है दिल्ली के एक कामकाजी इलाके में।
जहां पर एक 90 साल के बुजुर्ग गोविंद राम जेठानी को अपनी पत्नी के शव के साथ रहते हुए पाया गया है। उसकी पत्नी काफी समय पहले भगवान को प्यारी हो गई थी लेकिन उस इंसान को ये बात समझ ही नहीं आयी। जिस मोहल्ले में ये लोग रहते हैं, वहां भी इनका किसी से मिलना-जुलना नहीं है, कोई इनके घर आता-जाता भी नहीं इसलिए इस बात का पता किसी को लग नहीं पाया।
हालांकि लोगों का कहना है कि ये लोग जिस घर में रहते हैं, वहां से बदबू काफी लंबे वक्त से आ रही थी लेकिन किसी को एहसास ही नहीं था कि वहां वो बुजुर्ग शव के साथ रह रहा है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब बुजुर्ग ने रविवार शाम को अपने एक पड़ोसी से कहा कि उसकी पत्नी उसके किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे रही है, पता नहीं उसे क्या हो गया, जिसके बाद पड़ोसी जब उसके घर पहुंचा तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गई और उसने तुरंत पुलिस और मोहल्ले वालों को सूचित किया।
पुलिस ने शव को व्यक्ति के एक रिश्तेदार को सौंप दिया है। पुलिस ने कहा कि गोविंद राम जेठानी की भी मानसिक हालत ठीक नहीं है, इनकी आर्थिक हालत भी सही नहीं है और उनकी पत्नी के शव को देखकर लग रहा है कि उनकी मौत काफी समय पहले से हो गई है क्योंकि शव काफी हद तक सड़ चुका है।













Click it and Unblock the Notifications