ओडिशा: 60 फुट गहरी खाई में गिरा मिनी ट्रक, 8 लोगों की मौत, 35 घायल
भुवनेश्वर। मंगलवार सुबह ओडिशा के कंधमाल जिले के बालीगुडा के पास पोईगुड़ा घाट में एक मिनी ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस दुर्घटना में शिकार हुए लोग एक चर्च के ऑडिशन में भाग लेने जा रहे थे। ये सभी सुलामा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। मिनी ट्रक में लगभग 50-60 लोग सवार बताए जा रहे हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राह्मणिगन गांव के पास मिनी ट्रक के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक पोईगुडा घाट में गिर गया। इस घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक कलिंगी, तर्जंगी और गदापुर गांव के रहने वाले हैं। ब्राह्मणिगन गांव पुलिस, वन कर्मचारी और आस-पास के गाँव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे औऱ घायलों ट्रक से बाहर निकाला।
घटना के शिकार हुए 25 घायलों को बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भेज दिया गया था। इसके अलावा, जो लोग मामूली रूप से घायल हुए उन्हें ब्राह्मणीगन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया है। यह हादसा सुबह 9.30 से 10 बजे के बीच हुआ।
सूत्रों ने बताया कि मिनी ट्रक लगभग 50-60 फीट की ऊंचाई से गिरा। इस बीच, कंधमाल कलेक्टर और एसपी ने मौके का जायजा लिया। घायलों को आपातकालीन उपचार मुहैया कराने के लिए जिला मुख्यालय के अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications