अफगानिस्तान से एयरलिफ्ट कर लाए गए 78 लोगों का 14 दिन क्वारंटाइन पूरा, ITBP कैंप से हुए डिस्चार्ज
नई दिल्ली, 07 सितंबर। अफगानिस्तान में जिस तरह से तालिबान ने नियंत्रण हासिल कर लिया है उसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने देश छोड़ दिया है। भारत में भी अफगानिस्तान से कई लोगों को भारत एयरलिफ्ट करके लाया गया। अफगानिस्तान से जिन 78 लोगों को एयरलिफ्ट करके लाया गया था, उन्होंने भारत आने के बाद अपना 14 दिन का क्वारंटाइन पूरा कर लिया है। सभी को नई दिल्ली स्थित आईटीबीपी चावला कैंप से डिस्चार्ज कर दिया गया है। ये सभी लोग आईटीबीपी कैंप में 24 अगस्त को पहुंचे थे।

जिन लोगों को दिल्ली के आईटीबीपी कैंप में क्वारंटाइन किया गया था उसमे अफगानी नागरिक, बच्चे और महिलाएं शामिल थीं। इन सभी लोगों का कोरोना टेस्ट दो बार किया गया था और दोनों ही टेस्ट निगेटिव आए थे। इनका फाइनल टेस्ट किए जाने के बाद कैंप से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बता दें कि आईटीबी कैंप में कुल 136 लोग हैं जिन्हें अफगानिस्तान से एयरलिफ्ट करके लाया गया है। इसमे से 78 को आज डिस्चार्ज कर दिया गया।
इसके साथ ही आईटीबी को निर्देश दिया गया है कि 300 और लोगों को क्वारंटाइन में रखने की तैयारी की जाए। ये लोग अफगान और भारत के नागरिक हैं जोकि काबुल से वापस आने का इंतजार कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि संभव है कि लोगों का काबुल से भारत लाने का मिशन इसी हफ्ते शुरू हो सकता है। काबुल से अंतरराष्ट्रीय विमान की उड़ान शुरू होने के बाद लोगों को भारत लाया जाएगा। सभी मेडिकल उपकरण, डॉक्टर, ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर और दवा आदि को आईटीबीपी की ओर से मुहैया कराया जाएगा।
बता दें कि सरकार ने उन सभी लोगों के लिए 14 दिन तक क्वारंटाइन में रहना अनिवार्य किया है जो अफगानिस्तान से वापस आ रहे हैं। इंडियन वर्ल्ड फोरम के अध्यक्ष पुनीत सिंह चंदोक ने बताया कि सरकार की ओर से बेहतर सुविधा और मेडिकल चेकअप उन लोगों को मुहैया कराया जा रहा है जो क्वारेंटाइन में रह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications