दलितों को लुभाने के लिए BJP पका रही है 5,000 किलो खिचड़ी, बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी वोटरों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। रविवार को बीजेपी ने दलित समाज को लुभाने के लिए 'भीम महासंगम' रैली का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में एक ही बर्तन में 5,000 किलो खिचड़ी तैयार की जाएगी। बीजेपी नेताओं के मुताबिक, इस खिचड़ी में प्रयोग किए गए चावल और दाल दलित घरों से एकत्र किए गए हैं। यह खिचड़ी मशहूर शेफ विष्णु मनोहर तैयार करेंगे।

प्रदेश भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा को खिचड़ी बनाने की जिम्मेदारी पार्टी ने दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भीम महासंगम में बनने वाली 5,000 किलो खिचड़ी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड्स में अपनी जगह बनाएगी। इससे पहले मनोहर ने नागपुर में 3,000 किलो की खिचड़ी तैय़ार की थी, जिसे गिनीज रिकॉर्ड बुक में जगह मिली थी। 15 फुट चौड़े और 15 फुट लंबे बर्तन में यह खिचड़ी तैयार की जाएगी, जिसके लिए कई गैस स्टोव लगाए जाएंगे।
अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने बताया कि, भीम महासंगम में अनुसूचित जाति के हजारों कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं। इस कार्यक्रम के लिए कोई भी सामग्री खरीदी नहीं गई है। दिल्ली के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 14 लाख लोगों के घरों से खिचड़ी के लिए दाल चावल एकत्रित किया गया है। समरसता खिचड़ी पकाने में समाज के सभी जाति के लोग इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं।
दिल्ली बीजेपी के मीडिया संयोजक अशोक गोयल ने बताया कि पार्टी ने बीते कुछ दिनों में दलित समाज के लोगों से ही 10,000 किलो चावल और दाल जुटाया है। इस खिचड़ी को लोगों को बीच रामलीला मैदान में ही बांटा जाएगा। इस रैली में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी, थावर चंद गहलोत, रामलाल, श्याम जाजू समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications