लॉकडाउन के चलते भारत में फंसे 41 पाकिस्तानी नागरिकों को भेजा गया घर
नई दिल्ली: पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 20 लाख के पार पहुंच चुकी है। भारत में भी कोरोना मरीजों की संख्या लगातर बढ़ रही है। कोरोना को रोकने के लिए भारत में लॉकडाउन है और सभी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को सील कर दिया गया है। इसके बावजूद गुरुवार को 41 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस उनके देश भेज दिया गया।

दरअसल पाकिस्तानी उच्चायोग ने भारत से अनुरोध किया था कि लॉकडाउन में फंसे उनके 41 नागरिकों को वापस भेज दिया जाए। जिसको स्वीकर करते हुए भारत ने 41 नागरिकों को बाघा बार्डर के जरिए पाकिस्तान भेज दिया। ये सभी नागरिक दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत आठ जगहों पर फंसे थे। जिनको बाघा बॉर्डर तक ले जाने के लिए गाड़ियों को अनुमति दी गई।
यह भी पढ़ें: 53 देशों में 3036 भारतीय कोरोना वायरस से संक्रमित, 25 की मौत
पाकिस्तान में फंसे हैं कई भारतीय नागरिक
वहीं सीमा सील होने की वजह से 205 भारतीय नागरिक पाकिस्तान में फंसे हैं। इसमें से 105 छात्र हैं, जबकि बाकी अन्य किसी काम से पाकिस्तान गए हुए थे। भारत सरकार की ओर से पाकिस्तान उच्चायोग से संपर्क साधा गया है, ताकी इन सभी नागरिकों को वापस लाया जा सके।
3 मई तक लागू है लॉकडाउन
आपको बता दें कि भारत में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 12 हजार के पार हो गई है, जबकि 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में भारत सरकार ने पूरे देश में तीन मई तक लॉकडाउन कर रखा है। इसके साथ ही पाकिस्तान, चीन, नेपाल आदि पड़ोसी देशों के साथ लगती सीमाओं को सील कर दिया गया है। ऐसे में कई विदेशी नागरिक भारत में तो कई भारतीय नागरिक विदेशों में फंसे हैं।












Click it and Unblock the Notifications