चौथी मंजिल से गिरा 4 महीने का मासूम, मां-बाप ने नीचे जाकर देखा तो...
मुंबई। मुंबई के गोवंडी में गुरुवार सुबह एक हादसा हुआ जब 4 माह का बच्चा चौथे फ्लोर की फ्रेंच खिड़की से नीचे गिर गया। ऐसे में बच्चे की जान बच पाना लगभग नामुमकिन है। लेकिन अच्छी बात यह रही कि वह सीधा नीचे गिरने की जगह पेड़ पर जा अटका। यही वजह है कि बच्चे की जान बच सकी। हादसा गोवंडी में बीएस देवाशी रोड की गोपी कृष्ण बिल्डिंग का है। अथर्व बरकाडे उर्फ श्री नाम का 4 माह का बच्चा अपने माता पिता दादा दादी और बहन के साथ इसी बिल्डिंग में रहता है।

खेलते हुए चौथी मंजिल से नीचे जा गिरा बच्चा
अथर्व की दादी मंगल ने बाहर सूख रहे कपड़े उतारने के लिए लिविंग रूम की खिड़की खोल दी। पास खेल रहा श्री उसपर जा चढ़ा और अचानक बाहर गिर गया। श्री के पिता और परिवार भागकर नीचे पहुंचे तो देखा श्री जमीन पर पड़ा है और जिस पेड़ पर वह जा गिरा था उसकी डाल झुकी हुई है।

पेड़ के तने ने बचाई बच्चे श्री की जिंदगी
दरअसल श्री चौथे फ्लोर से गिरते ही पेड़ पर जा अटका जिससे वह धीरे धीरे सरकता हुआ नीचे गिरा। श्री को हलकी चोट आई और गोद में उठाते ही वह रोने लगा। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर शशिकांत माने का कहना है कि बच्चा आईसीयू में है और उसकी स्थिति अब बेहतर है। गोपी कृष्ण बिल्डिंग के तैयार होने के बाद हाल ही में लोगों ने वहां रहना शुरू किया है। ऐसे में कई घरों में अभी भी ग्रिल नहीं लगी है। श्री की चाची ने कहा कि पेड़ों के मिट्टी और खाद का हमारा व्यवसाय है और आज एक पेड़ ने ही हमारे श्री की जान बचाई है।

पहले भी आए ऐसे मामले
कुछ समय पहले महाराष्ट्र के यवतमाल में पतंग के पीछे भागते हुए एक बच्चा पांचवीं मंजिल से नीचे जा गिरा था लेकिन नीचे खड़े उसके दोस्त की मदद से उसकी जान बच गई। दरअसल उसका दोस्त घटना के समय नीचे पड़ी कोई चीज झुककर उठा रहा था। इतने में बच्चा दोस्त की पीठ पर जा गिरा जिससे उसे कम चोट आई और उसकी जान बच गई।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बड़ा हादसा: फैक्ट्री का छत गिरने से 6 की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका












Click it and Unblock the Notifications