MP के कटनी जिले में दर्दनाक हादसा, घर की कच्ची दीवार गिरने से चार बच्चों की मौत
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश कटनी जिले में भारी बारिश के चलते इस घर की दीवार ढह जाने से उसकी चपेट में आए चार बच्चों की मौत हो गई है। कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने बताया कि दीवार कच्ची थी जो बारिश की वजह से गिर गई, दीवार की चपेट में चार मासूम आ गए जिनकी इस हादसे में मौत हो गई है। बता दें कि मानसून के चलते मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है जिसके कारण लोगों को जलभराव की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।

पूलिस सूत्रों के मुताबिक यह हादसा उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्रामपंचायत बम्हनी के आश्रित ग्राम बनहरा में हुआ। दीवार की चपेट में आने वाले बच्चों की पहचान सुहानी कोल (7), पिंकी (8), ललित (4) और अन्नपूर्णा कोल (9) के रूप में हो गई है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे घटना स्थल पर खेल रहे थे तभी अचानक उनके ऊपर पूरी दीवार गिर पड़ी। भारी भरकम दीवार के नीचे दबने से सभी बच्चों की मौत हो गई है। घटना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे, राजस्व निरीक्षक मोहनलाल साहू, पटवारी अनिल सोनी, एएसआई रविशंकर पांडे ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
मध्य प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बता दें कि भारत के कई राज्य भारी बारिश के चलते जलभराव की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश में भी लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। शनिवार को होशंगाबाद के इटारसी में स्थित तवा बांध के सभी 13 गेट खोल दिए गए और 5,33,823 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बारिश के कारण पैदा हुए बाढ़ के हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications