कोरोना के बीच चीन से आई सबसे बड़ी सप्लाई, 3600 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर लेकर दिल्ली पहुंचा विमान
नई दिल्ली, 16 मई: कोरोना की दूसरी लहर जब से आई, तब से देशभर में ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है। इसके लिए सरकार जगह-जगह प्लांट लगा रही, साथ ही विदेशों से भी बड़ी संख्या में ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर आ रहे हैं, ताकी ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाई जा सके। अब इस मामले में एक नया रिकॉर्ड बना, जहां रविवार को ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर की सबसे बड़ी खेप दिल्ली पहुंची। इसको विशेष विमान के जरिए चीन से लाया गया है।

जानकारी के मुताबिक भारत सरकार ने एक बार में ज्यादा से ज्यादा ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर लाने का प्लान बनाया था, ताकी जरूरतमंदों तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा सके। इसके लिए बड़े विमान बोइंग 747-400 को चुना गया। जिसमें 3600 से ज्यादा ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर रखे गए थे। इनका कुल वजन 100 टन से ज्यादा था। हालांकि इतने ज्यादा भारी भरकम माल के साथ उड़ान भरने में विमान को कोई दिक्कत नहीं हुई, क्योंकि उनके इंजन की क्षमता ज्यादा है।
मामले में बोलोर लॉजिस्टिक्स इंडिया के नेशनल सेल्स हेड जसप्रीत सिंह ने कहा कि जंबो चार्टर रविवार दोपहर 3:18 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। उनकी कंपनी बोलोर के साथ मल्टिनेशनल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक कंपनी ने इस आयात को किया है। वैसे इतना ज्यादा सामान आयात कर लाना मुश्किल काम था, लेकिन बीजिंग में स्थित भारतीय दूतावास की मदद से उन्होंने ये कर दिखाया।
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक इस तरह के कई विमान आने वाले दिनों में और मेडिकल उपकरण लेकर आएंगे। मौजूदा वक्त में भारत कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहा है, जिस वजह से ये ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर मरीजों की बढ़ती मांग को पूरा करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि इसकी सप्लाई दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई प्रभावित इलाकों में की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications