दिल्ली फिर कोहरे की चपेट में, ठिठुर रहा है उत्तर भारत, 35 ट्रेनें लेट, 18 रद्द
नई दिल्ली। आज सुबह से ही राजधानी दिल्ली में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे ठंड बढ़ने के आसार है। धुंध की वजह से लोगों को यातायात में खासी परेशानियों का सामना कर पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहा है। कोहरे की वजह से दिल्ली की कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कई फ्लाइट्स और 35 ट्रेनें लेट, 2 के समय में बदलाव, 18 ट्रेने रद्द करनी पड़ी हैं। राजधानी दिल्ली में कोहरे के चलते हाइवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी है।

मौसम में ये परिवर्तन पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। दिनभर शीतलहर चली। इसके चलते धूप का भी बहुत अधिक असर महसूस नहीं हुआ।
जारी है सर्दी का सितम, यूपी-बिहार सब ग्रसित
यही हाल यूपी और बिहार का भी है, जिससे राजधानी, संपूर्णक्रांति, श्रमजीवी व मगध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक नार्थ-ईस्टर्न हवा चलने से उत्तरी भारत के कई जिलों में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे व ठंड से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को दक्षिणी बिहार के जिलों में अधिकतम पारे में बढ़ोतरी हुई हैं। अभी कई दिन और यही स्थिति बनी रहेगी इसलिए लोगों को सर्दी के प्रति सजग रहने की जरूरत है क्योंकि अभी दो दिन और कोहरे के साथ ठंड में भी इजाफा होगा।
कोहरे का सीधा असर यातायात पर
कोहरे का सीधा असर यातायात पर पड़ता है, जिसके कारण आज सड़कों पर भी ट्रैफिक की गति काफी स्लो देखी गई है, फिलहाल विभाग ने सबको सर्दी से सचेत रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, आगरा और मेरठ में दिन के तापमान में खासी गिरावट रिकॉर्ड की गई और इन इलाकों में बारिश की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications