फेसबुक पर लड़की को गाली देना पड़ा भारी, छात्र को दो दिन की जेल, 50 रुपये जुर्माना
हैदराबाद। सोशल साइट फेसबुक पर एक लड़की का पीछा करना और उसे अपशब्द कहना एक छात्र को भारी पड़ गया। 20 वर्षीय इस छात्र को कोर्ट ने इस गंभीर मामले में दो दिन की जेल और 50 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। मुंबई मिरर की खबर के मुताबिक पुलिस ने बताया कि कुछ महीने पहले आरोपी शख्स की फेसबुक पर लड़की से दोस्ती हुई। कुछ दिन बाद ही ये छात्र लड़की को मिलने के लिए दबाव बनाने लगा, हालांकि लड़की उससे मिलने को तैयार नहीं हुई, आखिर में इस शख्स ने लड़की को अपशब्द कहना शुरू कर दिया। जिसके बाद लड़की के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। जिसमें आरोपी छात्र के खिलाफ कार्रवाई हुई है।

कोर्ट ने सुनाया फैसला
आरोपी छात्र की पहचान संतोष के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय छात्र संतोष सैदाबाद इलाके के नीलम राजशेखर रेड्डी नगर का रहने वाला है। उसकी कुछ महीने पहले ही कारखाना इलाके के सिकंद्राबाद में रहने वाली लड़की से फेसबुक पर दोस्ती हुई।

फेसबुक पर अपशब्द टिप्पणी का मामला
कारखाना पुलिस के इंस्पेक्टर के जनैय्या ने बताया कि संतोष फेसबुक पर दोस्ती के बाद लगातार लड़की को मिलने के लिए बुला रहा था। हालांकि लड़की उससे मिलना नहीं चाहती थी, बाद में उसने संतोष के मैसेज पर ध्यान देना बंद कर दिया। इसी बात से नाराज होकर संतोष ने लड़की को फेसबुक पर अपशब्द कहना शुरू कर दिया। जिसकी शिकायत लड़की ने अपने पिता से की।

आरोपी छात्र को मिली सजा
मुंबई मिरर में छपी खबर के मुताबिक पहले तो लड़की के परिजनों ने आरोपी छात्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी तरफ से लगातार मैसेज किए जा रहे थे। जिसके बाद लड़की के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। जिसमें पुलिस ने आरोपी संतोष को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी संतोष को सिकंदराबाद के 13वीं महानगर मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया, जहां कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की सामान्य जेल की सजा सुनाई।












Click it and Unblock the Notifications