यूपी के बागपत में 20 मुसलमानों ने हिंदू धर्म अपनाया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार अपनी कार्यशैली को लेकर मीडिया की सुर्खियों में है। पहले एक तरफ जहां लखनऊ में विवेक तिवारी को सिपाही ने गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया तो दूसरी तरफ बागपत में बेटे की मौत के बाद परिवार इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा है। तकरीबन छह महीने तक जब पुलिस के चक्कर लगाने के बाद मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो परिवार के 20 सदस्यों ने हिंदू धर्म अपना लिया। यह पूरी प्रक्रिया हिंदू युवा वाहिनी की देखरेख में आज कराई गई।

जांच नहीं किए जाने से क्षुब्ध परिवार
दरअसल बागपत के छपरौली थाना क्षेत्र स्थित बदरखा निवासी अख्तर के बेटे की कई महीने पहले मृत्यु हो गई थी। उनका कहना है कि मेरे बेटे की हत्या की गई थी, लेकिन इसे आत्महत्या का रंग देने के लिए फांसी के फंदे पर लटका दिया गया था। हमने कई बार इस बाबत पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन बावजूद इसके पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या मानकर इसकी जांच करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद सोमवार को अख्तर अपने परिवार के साथ तहसील पहुंचे और एसडीएम को शपथ पत्र दिया।

विधि विधान से हुआ धर्म परिवर्तन
अपने शपथ पत्र में अख्तर ने लिखा है कि वह और उनका पूरा परिवार स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपना रहा है। यही नहीं इन लोगों ने अपने नाम भी बदल लिए हैं। हिंदू धर्म अपनाने के बाद परिवार ने अपने गले में भगवा अंगवस्त्र डाला और जय श्री राम के नारे का उद्घोष किया। इस धर्म परिवर्तन के बाद हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष शोकेंद्र खोखर और जिलाध्यक्ष योगेंद्र तोमर सहित कई वाहिनी के पदाधिकारी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार आज सुबह बदरखा में हवन और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और विधि विधान के साथ लोगों ने हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया।

क्या कहना है पुलिस का
वहीं इस मामले में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गुलशन उर्फ गुलजार की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ नहीं हो सकी है, लिहाजा इसे लखनऊ भेजा गया है, ताकि विधि विशेषज्ञों की राय ली जा सके। इसी आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं एएसपी ने बताया कि परिवार पुलिसे खफा नहीं है बल्कि स्वेच्छा से हिंदू धर्म स्वीकार किया है।
इसे भी पढ़ें- यूपी: राज्य सरकार पर बढ़ा विवेक तिवारी की पत्नी का भरोसा, नगर निगम विभाग मे इतनी सैलरी पर होगी जॉइनिंग












Click it and Unblock the Notifications