चंदौली में मुस्लिम युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, पुलिस बोली- संदिग्ध है मामला
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां चंदौली जिले में एक 17 साल के नाबालिग को जिंदा जला दिया गया। जिसके बाद लड़के को काशी कबीर चौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि लड़के से जय श्री राम का नारा लगाने के लिए कहा गया था, लेकिन जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो लोगों ने उसे जला दिया हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

चंदौली के एसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित ने दो अलग-अलग बयान दिए हैं। इससे पहले नाबालिग ने कहा था कि वह महाराजपुर गांव में दौड़ने के लिए गया था, वहां वह चार लोगों से मिला था, जिन लोगों ने उसे घसीटकर आग के हवाले कर दिया। पीड़ित ने बाद में यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे जबरन जय श्री राम का नारा लगाने को कहा, जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो लोगों ने उसे आग के हवाले कर दिया।
एसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित को बीएचयू में रेफर किया गया है, जहां उसने अपना बयान बदल दिया है। उसने इंस्पेक्टर को बयान दिया है कि मोटरसाइकिल से चार लोगों ने उसका अपहरण किया और उसे हतीजा गांव ले गए। पुलिस के अनुसार महाराजपुर गांव और हतीजा गांव दोनों अलग-अलग दिशा में हैं। एसपी ने बताया कि पीड़ित 45 फीसदी जल गया है। जिस तरह से उसने दो अलग-अलग बयान दिए हैं उससे संदेह पैदा होता है, ऐसा लगता है कि उसे टॉर्चर किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और इस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications