केरल के मलप्पुरम में 14 वर्षीय लड़के में मिला निपाह संक्रमण, एक्शन में सरकार, मास्क पहनने की अपील
केरल के मलप्पुरम में निपाह वायरस का मामला सामने आया है। यहां 14 वर्षीय एक लड़के में निपाह वायरस की पुष्टि हुई है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
इस लड़के के संपर्क में जो भी आया है उसकी लिस्ट तैयार की जा रही है और इन लोगों का सैंपल हाई रिस्क कैटेगरी में टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। डीएम और जिला पुलिस चीफ के साथ बैठक करके 3 किलोमीटर के दायरे में प्रतिबंध लगाने पर भी विचार किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मलप्पुरम के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और उन्हें मास्क लगाना चाहिए।

इससे पहले शनिवार को वीना जॉर्ज ने निपाह वायरस के संदिग्ध मामले की रिपोर्ट के बाद मलप्पुरम में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वायरस के प्रसार को रोकने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। अधिकारियों ने वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए अब तक उठाए गए कदमों का आंकलन किया।
सरकार ने निपाह वायरस के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के कार्यान्वयन की निगरानी के लिए समितियां बनाई हैं। इन समितियों को यह सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है कि सभी निवारक उपायों का सख्ती से पालन किया जाए।
इस बीच स्वास्थ्य मंत्री इन तमाम प्रयासों की निगरानी के लिए मलप्पुरम पहुंचीं। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक और मलप्पुरम तथा कोझिकोड के जिला कलेक्टरों सहित शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications