यूपी-असम में तूफान का कोहराम, 12 की मौत, 13-14 मई को फिर से आंधी-तूफान का एलर्ट
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में एक बार फिर से तूफान ने कहर बरपाया है, जिसकी वजह से 12 लोग मौत के शिकार हो गए हैं और 22 लोग घायल हो गए हैं। तेज आंधी और बारिश की के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित यूपी हुआ है, जहां से 11 लोगों के मरने की खबर है, इसके अलावा तूफान ने असम को भी काफी नुकसान पहुंचाया है, यहां भी तूफान की वजह से 1 व्यक्ति की मौत हो गई है और काफी लोग घायल हो गए हैं।

13-14 मई को फिर से आंधी-तूफान का एलर्ट
फिलहाल इतने नुकसान के बावजूद भी देश के कई राज्यों में तूफान का खतरा अभी भी बना हुआ है, मौसम विभाग का कहना है कि 13-14 मई को फिर से तूफान आ सकता है और इसी वजह से उसने 23 राज्यों में पहले से ही एलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी
विभाग ने कहा कि अब वेदर सिस्टम पूरब की ओर बढ़ गया है। इसका सबसे ज्यादा असर बिहार और प. बंगाल में रहेगा। दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी-बारिश के आसार हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ेंगे और इसलिए यहां के लोगों को सचेत रहने की हिदायत दी गई है।

क्यों बदला है मौसम का मिजाज
विभाग के मुताबिक अरब सागर की ओर से आ रही नम हवा और मैदानी इलाकों में पड़ रही तेज गर्मी से यह वेदर सिस्टम बना है। इससे मैदानी इलाकों में आंधी-बारिश आई। सोमवार को यह पहाड़ी इलाकों की ओर मुड़ गया। इससे वहां बर्फबारी हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।

जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
मालूम हो कि बुधवार की रात को पश्चिम दिल्ली में भी तेज हवाओं के साथ बूंदा-बांदी हुई है तो यही हाल हरियाणा के रोहतक और झज्जर का भी है , जहां भारी गरज के साथ ओले पड़े हैं। तेज बारिश और तूफान से कई इलाकों में लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रोजमर्रा के काम करने वालों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications