एक दिन का पुलिस कमिश्नर, उम्र 10 वर्ष
हैदराबाद। एक दिन का मुख्यमंत्री बनते तो हमने फिल्म 'नायक' में देखा है। लेकिन असल जीवन में हैदराबाद में भी कुछ ऐसी ही घटना देखी गयी। यहां मुख्यमंत्री तो नहीं लेकिन एक बच्चे को एक दिन का पुलिस कमिश्नर बनाया गया। यह घटना किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं।

गौरतलब है कि , हैदराबाद के पुलिस आयुक्त महेंद्र रेड्डी ने जानलेवा बीमारी से जूझ रहे 10 साल के बच्चे सादिक की पुलिस आयुक्त बनने की इच्छा पूरी की। ब्लड कैंसर से पीड़ित सादिक की इच्छा थी कि वह एक दिन के लिए पुलिस आयुक्त बने। सादिक के इस इच्छा को सच किया स्वयंसेवी संस्था मेक ए विश फाउंडेशन ने। यह संस्था जानलेवा बीमारियों से पीड़ित बच्चों की ख्वाहिश पूरी करती है।
पुलिस कमिश्नर बना सादिक खाकी वर्दी और टोपी पहनकर बुधवार को पुलिस आयुक्त की कुर्सी पर बैठा और रेड्डी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने उसे सलामी दी। पूरा कार्यक्रम काफी प्रभावित करने वाला था।
तेलंगाना के करीमनगर जिले का रहने वाला सादिक अपने उन रिश्तेदारों से बेहद प्रभावित था, जो पुलिस विभाग में काम करते हैं। वह पढ़-लिख कर पुलिस प्रमुख बनना चाहता था। एक दिन के लिए पुलिस आयुक्त बने सादिक से जब पूछा गया कि वह पुलिस आयुक्त के रूप में क्या करना चाहता है, तो उसने कहा कि मैं गुंडों को पकड़ना चाहता हूं।
पुलिस आयुक्त महेंद्र रेड्डी ने कहा कि सादिक की ख्वाहिश पूरी करके वह बेहद खुश हैं। मेक ए विश फाउंडेशन की पुष्पा देवी जैन ने कहा कि जानलेवा बीमारी से पीड़ित बच्चों की ख्वाहिश पूरी करके वे उन्हें थोड़ी सी खुशी देने की कोशिश करते हैं, ताकि खुश होकर वे थोड़ा और जी सकें।












Click it and Unblock the Notifications