पैरों के गहने उतारने के लिए चोरों ने महिला के काट दिए पंजे फिर लाश के पास फेंक दिया अचार और सिंदूर
निजामाबाद। हैदराबाद के निजामाबाद में कुछ अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए अधेड़ महिला से बर्बरता की। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। बदमाशों ने महिला के पैर के दोनों पंजे भी काट लिए ताकि पैर में पहना गया गहना निकाला जा सके। इस घटना को प्रकाश में आने के बाद आसपास के क्षेत्र में भी दहशत का माहौल है।

शव के पास जलाया दीया
यही नहीं चोरों ने जांच प्रक्रिया को भ्रमित करने के लिए शव के चारों तरफ सिंदूर, मसाले और अचार फैल दिया। इसके अलावा शव के आसपास तेल के दीए भी जला दिए। इसके जरिए कोशिश की गई कि जांचकर्ता सबूत न जुटा सकें। मृतक आर. वरलक्ष्मी श्रीनिवास की पत्नी थीं। श्रीनिवास निजामाबाद के आर्यनगर में कंस्ट्रक्शन बिजनसमैन हैं।

पति घर लौटे तो हुआ मामले का खुलासा
पुलिस के मुताबिक श्रीनिवास सोमवार सुबह तकरीबन 11 बजे घर से काम के लिए निकल गए। इसके बाद जब वह रात को 8 बजे के आसपास घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। निजामाबाद टाउन इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि जब श्रीनिवास घर लौटे तो मेन गेट बाहर से बंद था। श्रीनिवास ने दरवाजा खोला और अंदर पहुंचे। अंदर की हालात को देखकर उनके होश उड़ गए।

चोरों ने महिला का रेत दिया था गला
उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी वरलक्ष्मी हॉल में पड़े सोफे में मृत अवस्था में लेटी हुई है। हत्यारों ने नुकीले हथियार से महिला के सिर पर हमला किया था, जिसके बाद उनका गला भी रेता गया था। भयावह मंजर को देख उनके होश उड़ गए। वह चीखते हुए बाहर की तरफ दौड़े। उनकी आवाज सुनकर वहां पड़ोसी एकत्रित हो गए। पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई।

महिला के दोनों पंजे काट लिए
इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ की और पांच तोला सहित चांदी के भी कुछ गहने लेकर फरार हो गए। अपराधियों ने वह गहने भी निकाल लिए जो वरलक्ष्मी ने पहन रखा था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लूट के साथ ही अपराधियों ने महिला के दोनों पंजे भी काट लिए।












Click it and Unblock the Notifications