तेलंगाना के वित्त मंत्री के काफिले की कार हुईं हादसे का शिकार, बाल-बाल बचे टी हरीश राव
हैदराबाद, जून 21: तेलंगाना के वित्त मंत्री टी हरीश राव के काफिले की दो कारें रविवार (20 जून ) शाम सिद्दीपेट से हैदराबाद जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में मंत्री राव बाल-बाल बचे हैं। इस रोड एक्सीडेंट में एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक वित्त मंत्री हरीश राव के क्षेत्र सिद्दिपेट में मुख्यमंत्री केसीआर का एक प्रोग्राम था। उन्होंने सिद्दिपेट में नया कलेक्टर ऑफिर, एसपी और विधायक कैम्प ऑफिस का उद्घाटन किया था। इस कार्यक्रम के बाद सिद्दिपेट से मुख्यमंत्री चले गए। वहीं वित्त मंत्री जिला मुख्यालय से हैदाराबाद की ओर आ रहे थे।
इस दौरान हैदराबाद की ओर लौट रहे मंत्री के काफिला के बीच में कोंडापाका मंडल के पास अचानक एक जंगली सुअर सामने आ गया। इस दौरान आगे चल रही कार की सुअर से टक्कर हो गई, जिसके बाद ड्राइवर ने जोर से ब्रेक मार दिए। इसके बाद पीछे से आ रही मंत्री टी हरिश राव की कार के सामने का हिस्सा, पहली कार के पीछे के हिस्से से जबरदस्त भिड़ गया। वहीं उसकी पीछे आ रही एक और कार ने मंत्री की कार को टक्कर मार दी।
इस हादसे में एक कार सवार को हल्की चोटें आई है। वहीं वित्त मंत्री हरीश राव हादसे में बाल-बाल बच गए। उनको किसी तरह की कोई चोटे नहीं आई। इधर, घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और वित्त मंत्री को दूसरी कार के जरिए हैदाराबाद के लिए रवाना किया। इधर, इस हादसे की जानकारी जैसे की तेलंगाना के मुख्यमंत्री को लगी उन्होंने तुरंत हरीश राव को फोन करके जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications