'BRS ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया', बीजेपी के 'मिशन तेलंगाना' को लेकर अमित शाह का KCR पर हमला
Telangana Elections 2023: राजस्थान के रण के बाद अब भारतीय जनता पार्टी अब तेलंगाना के मिशन पर है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हैदराबाद पहुंचे, जहां उन्होंने सत्तारूढ़ दल बीआरएस समेत ओवैसी और कांग्रेस को घेरा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी राज्य तेलंगाना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की सरकार पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि बीआरएस की सरकार में कई घोटाले हुए हैं।

मिशन तेलंगाना पर अमित शाह
हैदराबाद के सोमाजीगुडा में मीडिया से बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि ये चुनाव तेलंगाना के लोगों और तेलंगाना राज्य के लिए बहुत अहम है। ये चुनाव रास्ता प्रशस्त करने जा रहा हैं, क्योंकि तेलंगाना का गठन एक लंबे संघर्ष की पृष्ठभूमि से हुआ था।
आज तेलंगाना पर लाखों-करोड़ों रुपए का कर्ज- शाह
शाह ने आगे कहा कि 10 साल बाद जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं तो पाते हैं कि कभी रेवेन्यू सरप्लस राज्य होने वाले राज्य पर लाखों-करोड़ों रुपए का कर्ज है। आज युवाओं के साथ किसान, दलित और पिछड़े निराश हैं और हर कोई तेलंगाना के भविष्य को लेकर सशंकित है। सभी पार्टियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद वोट करें और मेरा मानना है कि जब राज्य के मतदाता ऐसा करेंगे तो वे भाजपा को चुनेंगे।
BRS ने एक भी वादा पूरा नहीं किया-शाह
हैदराबाद में अमित शाह ने कहा कि BRS ने अपने घोषणा पत्र में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया था। 8 से ज्यादा पेपर लीक हुए, भर्तियां हो नहीं पाई। 40 लाख बच्चों को मुफ्त शिक्षा देनी थी, वो भी नहीं हुआ। 7 लाख गरीबों को घर देने का वादा उन्होंने पूरा नहीं किया, प्रधानमंत्री मोदी ने इसका प्रयास किया।
'BRS ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया'
अमित शाह ने बीआरएस सरकार को घेरते हुए कहा कि इन 10 वर्षों में बीआरएस ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया - चाहे वह मिशन भगीरथ घोटाला हो, पासपोर्ट घोटाला हो, 4000 करोड़ रुपए का मियापुर भूमि घोटाला हो, कालेश्वरम परियोजना घोटाला हो, शराब घोटाला हो, ग्रेनाइट घोटाला हो। बीआरएस कार्यकर्ता 2बीएचके आवास योजना के लिए दलितों से पैसा इकट्ठा करते हैं। तेलंगाना के लोग इन सबके बारे में जानते हैं। उनका मानना है कि केसीआर की पार्टी बीआरएस ने घोटालों और भ्रष्टाचार के अलावा यहां कुछ नहीं किया।
आपको बता दें कि तेलंगाना की कुल 119 सीटों पर 30 नवंबर को मतदान होगा। इस बार राज्य में बीआरएस, कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है। बीजेपी ने तेलंगाना में पूरी ताकत झोंक दी है।












Click it and Unblock the Notifications