आंध्र के सीएम नायडू से ज्यादा अमीर है उनका 18 महीने का पोता
चंद्रबाबू नायडू अपने 18 महीने के पोते नारा देवांश से भी ज्यादा 'गरीब' हैं।
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलगू देशम पार्टी ( टीडीपी) के मुखिया चंद्रबाबू नायडू अपने 18 महीने के पोते नारा देवांश से भी ज्यादा 'गरीब' हैं।

ये हम नहीं कह रहे हैं बल्कि खुद बुधवार (19 अक्टूबर) को उनके परिवार ने इसकी जानकारी दी।
बीते 6 साल से नायडू परिवार अपनी संपत्तियों और देनदारियों की घोषणा करता रहा है।
11.57 करोड़ की संपत्ति देवांश की
राज्य के पार्टी दफ्तर में पत्रकारों से बात करते हुए चंद्रबाबू नायडू के बेटे और टीडीपी के महासचिव नारा लोकेश ने बताया कि देवांश के पास कुल 11.57 करोड़ की संपत्ति है।
वहीं नायडू की कुल संपत्ति 3.73 करोड़ रुपए है जिसमें एबेंसडर कार भी शामिल है।
देवांश की दादी भुवनेश्वरी ने 9.17 करोड़ रुपए उसके खाते में ट्रांसफर की गई हैं। साथ ही उसके नाना फिल्म एक्टर बालकृष्ण ने 2.4 करोड़ रुपए का फिक्स्ड डिपॉजिट गिफ्ट किया है।
लोकेश ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि उनके परिवार के किसी भी सदस्य का विदेश में कोई खाता नहीं है।
हम अकेले राजनीतिक परिवार
उन्होंने यह दावा भी किया कि पूरे देश में सिर्फ यही एक ऐसा राजनीतिक परिवार है जो अपनी संपत्तियों की घोषणा प्रतिवर्ष सार्वजनिक करता है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पास कोई बेनामी एकाउंट या फर्म नहीं है।
सार्वजनिक की गई जानकारी के अनुसार नायडू का पोता देवांश हैदराबाद के पॉश इलाके में जुबली हिल्स इलाके में करीब साढ़े नौ करोड़ के घर का मालिक भी है।
वहीं नायडू पर करीब 3 करोड़ का बैंक लोन भी है। बताया गया की पूरे परिवार के पास 77 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
देवांश की दादी कंपनी की एमडी
नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी पारिवारिक बिजनेस हेरिटेज फूड एमडी हैं। इस साल सार्वजनिक की गई जानकारी के मुताबिक नायडू की कुल संपत्ति में 25 लाख का इजाफा हुआ है।
अपनी संपत्तियों की जानकारी देते हुए लोकेश ने बताया उनके पास 14.50 करोड़ रुपए की संपत्ति है साथ ही उन पर 6.35 करोड़ का उधार भी है। उनकी पत्नी ब्राम्हणी 5.38 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालिक हैं।
वहीं विपक्षी पार्टियां नायडू परिवार की ओर से संपत्ति घोषित करने को तामाशा बताती रही हैं। इस दौरान लोकेश ने आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के पास काफी मात्रा में बेनामी संपत्ति है।












Click it and Unblock the Notifications