Cloud Burst Dharamshala : धर्मशाला के भागसू में फटा बादल, पानी में बह गई गाड़ियां, VIDEO
धर्मशाला, 12 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में सोमवार को बादल फटने के बाद जल त्रासदी जैसी स्थितियां बन गईं। तेज बारिश के बाद नादियां, नाले उफान पर हो गए। सड़कों पर खड़े तमाम वाहन पानी की तेज रफ्तार में बह गए। इसके अलावा कई रास्तों और इमारतों को भी भारी नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं। डिप्टी कमिश्नर निपुन जिंदल ने बताया कि दो लोगों के लापता होने की खबर है। हम इसे बादल का फटना नहीं कह सकते हैं। ये भारी बारिश के कारण फ्लश फ्लड है।
Recommended Video

बारिश के पानी में बह गई कई गाड़ियां
धर्मशाला के भागसूनाग में भारी बारिश ने भयंकर तबाही मचाई है। बारिश के कारण कई गाड़ियां बह गईं। बारिश के कारण नदी नाले भी उफान पर आ गए। मांझी खड्ड नदी उफान पर है। इसका दिलदहलाने वाला वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोग बादल फटने और उसके बाद नदी-नालों में ऊफान की वजह से दहशत में हैं। सोशल मीडिया पर पानी के रौद्र रूप का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है पानी का तेज बहाव गाड़ी को बहाते हुए ले जा रहा है।

रविवार रात से हो रही तेज बारिश
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में रविवार रात से तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश से कई जगह से नुकसान की खबरें भी सामने आ रही है। भागसूनाग में अफरा-तफरी का माहौल है। बता दें, हिमाचल में बादल फटने की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश के चंबा में भी बादल फटा था, जिसके बाद मूसलाधार बारिश हुई थी और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी।

छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों ने 17 जुलाई तक बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई है। इसके अलावा सोमवार को किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर 10 जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। छह जिलों चंबा, कांगड़ा, बिलासपुर, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications