हिमाचल में हुए दर्दनाक हादसे में 3 बिहारी मजदूरों की मौत, 2 की हालत गंभीर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिला के देहरा उपमंडल के तहत नेशनल हाईवे तीन पर हुये एक सड़क हादसे में तीन बिहारी मजदूरों की जानें चली गईं। हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़ने का अंदेशा भी जताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, देहरा उपमंडल के तहत नैहरनपुखर नादौन नेशनल हाईवे तीन पर ट्रक और ट्रैक्टर की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रैक्टर चालक सहित उस पर सवार 2 अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 2 अन्य ट्रैक्टर सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।

मृतकों की पहचान गोविंद कुमार (नैहरनपुखर), शत्रुघ्न व राधेश्याम बिहार निवासी के तौर पर हुई है। जख्मी हुए टुनटुन व राधेश्याम भी बिहार के रहने वाले ही बताए जा रहे हैं। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को तुरंत गरली अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं घटना का पता चलते ही ए.एस.आई. पवन कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर (एच.पी. 36बी-3505) शटरिंग का सामान लेकर भड़ोली जदीद से कलोहा की तरफ जा रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर नादौन की तरफ जा रहे ट्रक (एच.पी. 67-3492) से विपरीत दिशा में जा टकराया, जिससे ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में ट्रक चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सवार सभी लोग किसी ठेकेदार के यहां मेहनत-मजदूरी का कार्य करते थे। डी.एस.पी. ज्वालामुखी योगेश दत्त जोशी ने कहा कि पुलिस द्वारा वाहनों को कब्जे में ले लिया है व आगे की छानबीन जारी है।












Click it and Unblock the Notifications