हिमाचल चुनाव में कांग्रेस के अभियान का कमान संभालेंगी प्रियंका गांधी, रोडमैप तैयार
शिमला, 24 मई। इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे चुनावों के लिये कांग्रेस पार्टी में चल रही तैयारियों के बीच चुनावी अभियान की कमान खुद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने थाम ली है। प्रियंका गांधी के पास उत्तर प्रदेश का प्रभार है। लेकिन उनका घर शिमला में है, इसी के चलते प्रियंका गांधी खास दिलचस्पी हिमाचल प्रदेश की राजनीति में ले रही हैं। इसके लिए बाकायदा एक रोडमैप तैयार किया गया है। जिसके तहत चुनावों तक पार्टी की मजबूती का काम अब प्रदेश का संगठन नहीं बल्कि टीम प्रियंका करेगी।

हाल में कांग्रेस ने बदले हिमाचल अध्यक्ष
हालांकि प्रदेश कांग्रेस में बीते माह ही बड़ा बदलाव करते हुये पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस की कमान देने के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाये गये हैं। उनके साथ चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष के तौर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू की ताजपोशी की गई है। लेकिन बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान को लगता है कि पार्टी में गुटबाजी को यह बदलाव मिटा नहीं पाया है। जिससे चलते चुनावों में पार्टी को नुकसान हो सकता है। प्रदेश कांग्रेस नेताओं में मनमुटाव दूर नहीं हो पाया है। कुछ नेता अपने आपको उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के कई अन्य नेता कथित तौर पर पार्टी संगठन के आंतरिक कामकाज से खुश नहीं हैं।

गुटबाजी से त्रस्त है कांग्रेस
यही वजह है कि अब चुनाव तैयारियों की बागडोर खुद प्रियंका गांधी ने थाम ली है। पार्टी ने उनकी अगुवाई में एक टीम तैयार की है। इस टीम में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं, जिन्हें प्रदेश के जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के 12 राष्ट्रीय सचिव जिनकी तैनाती हिमाचल में की गई है, वह जिलेवार पार्टी की चुनावी तैयारियों की देखरेख करेंगे। पार्टी सूत्र बताते हैं कि तैनात किये गये जिला प्रभारी ज्यादातर प्रियंका गांधी के करीबी हैं। दिल्ली में यह लोग रिपोर्ट करेंगे। और सारी गतिविधियों की मॉनिटरिंग खुद प्रियंका गांधी करेंगी। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को सत्ता में वापिस लाने के लिये प्रियंका गांधी इन दिनों पूरा फोकस कर रही हैं। इसी कड़ी में शिमला में ही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है।
काग्रेस आलाकमान का निर्णय
कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश के पार्टी नेताओं को इस निर्णय के बारे में जानकारी दी है। आलाकमान के निर्णय के अनुसार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव दीपिका पांडे,चंदन यादव,राजेश तिवारी,रोहित चौधरी,धीरज गुर्जर, परदीप नरवाल, विकास उपाध्याय, विजय सिंगला और चेतन चौहान को हिमाचल प्रदेश में जिलेवार प्रभारी बनाया गया है। अगले सोमवार तक इन लोगों को हिमाचल पहुंच कर अपना काम शुरू करने को कहा गया है। इस नई रणनीति के बारे में नीतिगत निर्णय हाल में राजस्थान के उदयपुर में संपन्न पार्टी के चिंतन शिविर के समापन के अगले दिन लिया गया। इसके लिये बाकायदा कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के हिमाचल मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के बीच बैठक हुई। जिससे भावी रणनीति तय की गई।
हिमाचल में कांग्रेस के सामने आप की चुनौती
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि यह भले ही आरंभिक मीटिंग थी, लेकिन पार्टी की ओर तैनात जिला प्रभारी के लिये सबसे पहले बूथ कमेटी को मजबूत करने को कहा गया है। यही बूथ कमेटी चुनावी जीत में निर्णायक भूमिका निभाती है। इसी के तहत जून माह में कांग्रेस कार्य समिति की शिमला में बैठक करने का निर्णय लिया गया है। पार्टी आलाकमान चाह रही है कि समय रहते संगठन को चुनावी मैदान में सक्रिय किया जाये। दरअसल, पार्टी को पिछले दिनों मंडी लोकसभा और तीन विधानसभा क्षे़ों में संपन्न उप चुनावों में मिली जीत से उत्साह है और नेताओं को लगता है कि समय रहते एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुट जाये तो चुनावों में लाभ मिलेगा। भले ही प्रदेश में आम आदमी पार्टी अपनी पैठ बनाने में जुटी हो। लेकिन ,हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आप की एंट्री ने कांग्रेस पार्टी को चिंतित कर दिया हैं। पार्टी नेतृत्व को इस बात की चिंता सता रही है कि आप कहीं कांग्रेस के युवा चेहरों को अपने साथ न ले उड़े। हाल ही में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर के अपने समर्थकों के साथ आप में शामिल होने के बाद कांग्रेस पार्टी का यह डर और बढ़ गया है। ऐसी अफवाहें जोर पकड़ने लगी हैं कि और भी युवा कांग्रेसी नेता जल्द ही कांग्रेस छोड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications