Himachal Pradesh: प्रतिभा सिंह को CM बनाने की मांग, समर्थकों ने भूपेश बघेल की गाड़ी रोककर की नारेबाजी
हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा सिंह के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर समर्थकों ने आज शिमला में भूपेश बघेल की गाड़ी रोककर नारेबाजी की।

Recommended Video
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। लेकिन अभी तक मुख्यमंत्री के नाम का फैसला नहीं हो पाया है। इसको लेकर पार्टी की तरफ से आज निर्वाचित विधायकों की शिमला में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। बैठक के लिए बघेल शिमला भी पहुंच गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, दावा यह भी किया जा रहा है कि आलाकमान उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के मूड में नहीं है। लेकिन प्रतिभा सिंह के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर अड़े हैं। इसी को लेकर उनके समर्थक शुक्रवार को शिमला में ओबेरॉय सेसिल होटल के बाहर एकत्र हुए और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले को रोकते हुए समर्थन में नारेबाजी की और प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की।
कांग्रेस ने 40 सीटों पर दर्ज की है जीत
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने कुल 40 सीटों पर जीत दर्ज की है। चुनाव मे जीत दर्ज करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी प्रदेश वासियों का आभार जताया। वहीं, मुख्यमंत्री के सवाल पर गुरुवार को उन्होंने कहा कि इसका फैसला विधायक दल की बैठक में लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि कांग्रेस की तरफ से यह चुनाव दिवंगत वीरभद्र के नाम पर लड़ा गया था। ऐसे में आलाकमान की तरफ से उनके परिवार की अनदेखी नहीं की जा सकती है। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 5 साल बाद सरकार बदलने का ट्रेंड इस बार भी बरकरार रहा है।
पिछले चुनावों में बंपर जीत दर्ज करके भाजपा ने यहां पर सरकार बनाई थी। लेकिन इस चुनाव में भाजपा को सिर्फ 25 सीटों पर ही जीत मिली है। वहीं, 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है। बता दें कि हिमाचल में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में यहां पर बहुमत लाने के लिए किसी भी पार्टी को 35 सीटें जीतनी होती हैं।
ये भी पढ़ें- हिमाचल की हार पर नड्डा ने तोड़ी चुप्पी, कहा- अनुशासनहीनता को अब बेहतर ढंग से संभाला जाएगा












Click it and Unblock the Notifications