कांगड़ा के जंगल में युवती को मिलने के लिए बुलाया, मर्डर के बाद चबा गया था सिम
शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के कोटला के जंगलों में बीस वर्षीय युवती की दर्दनाक हत्या के मामले में जांच कर रही पुलिस की टीम को मृतका के मोबाइल फोन की सिम बरामद हो गई है। वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का भी अब इंतजार है। लिहाजा अब इस हत्याकांड से कई राज बाहर आयेंगे। कांगड़ा के एसपी संतोष पटियाल ने ग्रामीणों के विरेाध को देखते हुये कोटला पुलिस के चौकी प्रभारी एएसआई अशोक कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।

ए.एस.आई. को पुलिस लाइन धर्मशाला में रिपोर्ट करने को कहा है। साथ ही विभागीय जांच भी बिठाई गई है। ज्वाली थाना के ए.एस.आई. रोशन लाल को कार्यकारी तौर पर कोटला पुलिस चौकी का कार्यभार सौंपा गया है। दरअसल ग्रामीणों का आरोप था कि जोल में युवती मर्डर मामले में युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और न ही पुलिस ने उस समय कॉल रिकॉर्ड खंगाले और न ही कोई और कार्रवाई की।

इस बीच इस हत्याकांड की फोरैंसिक एग्जामिनेशन पूरी हो गई है, लेकिन शव काफी दिन जंगल में पड़े रहने के चलते फोरेंसिक विशेषज्ञ और टैस्ट करने के बाद अपनी फाइनल रिपोर्ट पुलिस को सौंपेंगे। इसके आने के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि लडक़ी की हत्या से पहले उसके साथ किसी प्रकार का दुष्कर्म तो नहीं किया गया है। इस मामले में परिवार के सदस्यों ने और भी लोगों के शामिल होने के आरोप लगाए थे तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आ जाने से इस गुत्थी को सुलझाने में काफी कामयाबी मिलेगी। इससे पहले इस मामले में एक व्यक्ति को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें आरोपी व्यक्ति ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस को बयान दिया है कि केस को उलझाने के लिए मृतका के कपड़े उतारे थे, ताकि उस पर शक न हो। हलांकि पुलिस आरोपी के बयानों की हर पहलू से गंभीरता से जांच रही है। पुलिस ने इस संदर्भ में सोमवार को घटना स्थल के आसपास से युवती का मोबाइल व आरोपी द्वारा चबाया गया सिम कार्ड बरामद कर लिया है, जो कई खुलासे करेगा। पुलिस की मानें तो इस मामले में मोबाइल का डाटा, रिकार्डिंग, टैक्स्ट मैसेज व अन्य मैसेजों से भी जांच में काफी सहयोग मिलेगा। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी व्यक्ति ने कबूला है कि लड़की से मिलने के लिए उसने पहले से ही प्लान तैयार किया था तथा जिस रास्ते से आरोपी व्यक्ति मृतका को ले गया था, उसे उस रास्ते से पहले भी ले जा चुका है। इसके साथ ही आरोपी व मृतक युवती घटनास्थल के आसपास की जगह पर पहले भी आते-जाते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications