Himachal Weather: भारी बारिश के कारण मंडी में व्यास नदी उफान पर, सड़क धंसने से नीचे लुढ़की यात्रियों से भरी बस
Himachal Weather Alert: भारी बारिश और येलो अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में व्यास नदी का रौद्र रूप देखने को मिला रहा है। तो वहीं, कई जगह भूस्खलन होने से मार्ग बंद हो गए हैं। शनिवार 12 अगस्त को भूस्खलन के चट्टानें गिरने से मंडी-मनाली नेशनल हाईवे 6 मील तथा 9 मील के पास बंद हो गया।
इतना ही नहीं, शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम के सुंदरनगर डिपो की बस डैहर-कांगू सड़क मार्ग धंसने से करीब 50 फीट नीचे ढांक में जा लुढ़की। हादसे के दौरान बस में 12 यात्री मौजूद थे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस हादसे में 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, 8 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हिमाचल सड़क परिवहन निगम द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सभी घायल यात्रियों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इतना ही नहीं, समाचार एजेंसी एएनआई ने व्यास नदी की एक वीडियो भी जारी की है, जिसमें नदी अपने पूरे उफान पर नजर आ रही है।
वीडियो जारी करते हुए एएनआई ने लिखा, 'भारी बारिश की वजह से मंडी के पंडोह में व्यास नदी उफान पर है।' बता दें कि मंडी जिले में रात से ही भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते हालात बिगड़ते ही जा रही है। दैनिक जागण की खबर के मुताबिक, भारी बारिश के चलते नेशनल हाईवे समेत 303 सड़कें बंद हो गई हैं।
इसी के साथ ही मकान भी पानी में बह गए हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा हालात खराब हैं। वहां भारी बारिश के चलते सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गाड़ियों का आवागमन बंद हो गया है। भारी बारिश से बल्ह घाटी की सड़कों पर पानी भर गया है।
इतना ही नहीं, खराब मौसम की वजह से बिलासपुर में कल भूस्खलन हुआ। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, सोलन और शिमला जिले में 13 अगस्त तक फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए DGP संजय कुंडू ने टूरिस्ट और स्थानीय लोगों को एडवाइजरी जारी है।
DGP ने कहा कि अगर बेहद जरूरी काम हो तभी घरों से बाहर निकलने। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंडी में रात 2:30 बजे से सुबह 8.30 बजे तक 90.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। अभी भी बारिश जारी है। इससे सुकेती खड्ड सहित मंडी और बल्ह घाटी के नदी-नाले उफान पर हैं।
वहीं, कालका-शिमला और चंडीगढ़-मनाली फोरलेन दोनों ही हैवी व्हीकल और बसों के लिए बंद पड़े हैं, जबकि इन दोनों हाईवे पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। सोलन के चक्की मोड़ के पास हाईवे टूटने के बाद यह छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। गर, हैवी व्हीकल पिछले डेढ़ सप्ताह की तरह अल्टरनेटिव सड़कों से चलाए जा रहे है।
मंडी में 5 साल के बच्चे की हुई मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंडी के 6 मील में शुक्रवार देर शाम चलती ऑल्टो कार पर पत्थर गिरने से पांच साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय कार चल रही थी औऱ उसमें दो बच्चों सहित कुल चार लोग सवार थे। इस हादसे में तीन अन्य को चोटें आई है। सभी को इलाजे के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications