हिमाचल: भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में टिकटों पर नहीं बनी सहमति, पीएम मोदी के सहारे पार्टी लड़ेगी चुनाव
हिमाचल: भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में टिकटों पर नहीं बनी सहमति, पीएम मोदी के सहारे पार्टी लड़ेगी चुनाव
शिमला, 25 अगस्त: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव इस साल के अंत तक होने है, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी कमर कस ली है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने आज (25 अगस्त, दिन गुरुवार) कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है, जिसमें एक-एक सीट पर मंथन हो रहा है। इस कोर ग्रुप की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भाजपा के बड़े नेता शिमला के पीटरहॉफ में जुटे हैं। वहीं, बैठक के नतीजों को लेकर टिकट के दावेदारों की धड़कने तेज हो गई है।

दरअसल, भाजपा आलाकमान प्रत्याशी चयन को लेकर आम सहमति बनाने की कसरत कर रहा है। लेकिन टिकट तय करने को लेकर बनाए गए फार्मूले पर नेताओं में आम राय नहीं बन पा रही है। जिससे पार्टी के अंदर गुटबाजी एक बार फिर जगजाहिर हो रही है। दरअसल, जय राम ठाकुर और धूमल खेमे के बीच टिकटों को लेकर तनातनी बरकरार है। एक गुट जहां नए लोगों को चुनाव लड़ने की तैयारी में है, तो वहीं धूमल खेमा अपने खास लोगों के टिकट काटे जाने का डटकर विरोध कर रहा है।
बता दें कि पार्टी ने नए लोगों को मौका देने के लिए 15 प्रतिशत मौजूद मंत्रियों और विधायकों के टिकट काटने की बात स्पष्ट कर दी है। जिससे तय है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर कई नेताओं को इस बार चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिल सकेगा। इस मामले में पेच उस समय आ गया, जब सीएम जय राम ठाकुर ने देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह और जोगिंदर नगर से आजाद विधायक प्रकाश राणा की भाजपा में एंट्री करा दी। दोनों ही नेताओं ने आने वाले चुनावों में टिकट का भरोसा दिया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही चुनाव क्षेत्रों में प्रभावित होने वाले नेता पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के करीबी है। देहरा से पिछला चुनाव हारे रविंद्र सिंह रवि धूमल सरकार में कबीना मंत्री रहे हैं। तो वहीं, जोगिंदर नगर में चुनाव हारे ठाकुर गुलाब सिंह अनुराग ठाकुर के ससुर है। अब प्रेम कुमार धूमल अपने लोगों के टिकट काटे जाने का विरोध कर रहे है। इसी तरह हाल में कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये कांगड़ा से पवन काजल और नालागढ़ में लखविंदर राणा को लेकर भी भाजपा में बगावत हो गई है। यहां कोर ग्रुप की बैठक में भी इस मामले को लेकर खासी चर्चा हुई और धूमल ने अपने लोगों के टिकट काटे जाने का विरोध किया। तय किया गया कि जहां विवाद है वहां पार्टी आलाकमान ही टिकट तय करे।
इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही हिमाचल का दौरा करेंगे। सितंबर में प्रधानमंत्री द्वारा एम्स का शुभारंभ किया जाएगा। कहा कि एम्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सबसे बड़ा ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसे तेज गति से बनाया जा रहा है और समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा। पीएम जल्द ही भाजयुमो की रैली को भी संबोधित करेंगे, हमने इसके लिए उन्हें (पीएम मोदी) आमंत्रित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का हालिया दौरा पूरी तरह सफल रहा। आने वाले समय में इस तरह के और भी दौरे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications