हिमाचल चुनाव: 'सरकार बदलने की परंपरा मत बदलना, ये अच्छी है', मंडी में बोलीं प्रियंका गांधी, किए कई वादे
Himachal Pradesh Assembly Elections 2022: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के प्रचार की जिम्मेदारी पार्टी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उठा ली है, जिसके तहत सोमवार को मंडी में उन्होंने शहर के पड्डल ग्राउंड में कांग्रेस की विशाल 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' को संबोधित किया। इस दौरान अपने भाषण में प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही रैली में मौजूद लोगों से कहा कि 5 साल बाद सरकार बदलने की परंपरा को मत बदलना। यह अच्छी परंपरा है इसको मत बदलो।
Recommended Video

हिमाचल के मंडी पहुंचने पर प्रियंका गांधी ने मंच पर इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसी के बाद उन्होंने गुजरात के मोरबी में हादसे पर दुख जताते हुए दुर्घटना के मृतकों की आत्मा की शांति के लिए मौन रख श्रद्धाजंलि दी। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरी दादी इंदिरा गांधी का यहां के साथ आध्यात्मिक रिश्ता था। जो आज की राजनीति में कम ही दिखता था। प्रियंका ने आगे कहा कि जब मैं हिमाचल के किसी गांव में जाती हूं, तो वहां के लोग कहते हैं कि दीदी, हमने आपकी दादी को देखा था। या फिर हम आपकी दादीजी से मिले हैं। आज 40 साल बाद भी उनके प्रति आदर और सम्मान है। उनके गुजरात जाने के बाद देश की राजनीति बहुत बदल गई है।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि आज की राजनीति में पैसों का बोलबाला है। स्वार्थ का बोलबाला है। मीडिया में झूठे वादे किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति बदल चुकी है। आज की राजनीति में कई नेता ऐसे होते हैं, जो आपके सामने आकर कुछ बोल देते हैं, लेकिन उसका कोई मायना नहीं होता। और ये जो परंपरा आपने बनाई है ना, हर पांच साल सरकार बदले इससे नेता सीखता है। इससे नेता को पता होता है कि मेरे पास पांच साल है, या तो मैं करके दिखाऊं या फिर मुझे खदेड़ा जाएगा। और ये बहुत अच्छी परपंरा है। इसको मत बदलो नुकसान आपका ही होगा।
इसी के साथ अग्निवीर योजना से लेकर महंगाई के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश में 63000 से अधिक खाली पद पड़े हुए हैं और प्रदेश के लगभग 9 लाख युवा बेरोजगार बैठे हैं। यहां के मुख्यमंत्री ने इस जिले के लिए क्या किया है? 63,000 सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं और आपको नौकरी नहीं मिल रही है क्योंकि उनकी (भाजपा) नियत नहीं है। हर भर्ती में घोटाला है। जनता को जागरूक होने की जरूरत है।
हिमाचल: गुटबाजी में उलझी भाजपा अब ताबड़तोड़ रैलियों के सहारे, चुनावी की फिजा बदलने का करेगी प्रयास
कांग्रेस नेता ने वादा करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कैबिनेट की पहली बैठक में 1 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। महिलाओं को सशक्त बनाना ही प्रियंका गांधी की पहली प्राथमिकता है। सुरक्षा के साथ हम देंगे 1500 रुपए की मासिक आय देंगे। इसी के साथकांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाएगा।