खालिस्तानी झंडे का मामला: हिमाचल CM बोले- रात में हुआ कायरतापूर्ण काम, हिम्मत है तो दिन में आओ
नई दिल्ली, 8 मई: धर्मशाला में स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मेन गेट और चारदीवारी पर रविवार सुबह खालिस्तानी झंडे देखने को मिले। इसके बाद से राज्य की सियासत गर्मा गई है। विपक्षी दल लगातार इसके लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहरा रहे। अब इस मामले पर हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही।

सीएम जयराम ने ट्वीट कर लिखा कि धर्मशाला विधानसभा परिसर के गेट पर रात के अंधेरे में खालिस्तान के झंडे लगाने वाली कायरतापूर्ण घटना की मैं निंदा करता हूं। इस विधानसभा में केवल शीतकालीन सत्र ही होता है इसलिए यहां अधिक सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता उसी दौरान रहती है। इसी का फायदा उठाकर कायरतापूर्ण घटना को अंजाम दिया गया, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस घटना की तुरंत जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मैं उन लोगों को कहना चाहूंगा कि अगर हिम्मत है तो रात के अंधेरे में नहीं, दिन के उजाले में सामने आएं।
इसके बाद एक वीडियो संदेश जारी कर सीएम ने कहा कि हिमाचल सौहार्दपूर्ण राज्य है और यहां शांति कायम रहनी चाहिए। धर्मशाला में हुई घटना के दोषी जहां भी होंगे उन्हें शीघ्र पकड़ा जाएगा। उन लोगों का ये कायरतापूर्ण दौर अब और नहीं चलेगा। निश्चित तौर पर इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कही ये बात
वहीं कांगड़ा एसपी खुशाल शर्मा ने कहा कि हो सकता है कि ये घटना देर रात या सुबह-सुबह हुई हो। हमने विधानसभा गेट से खालिस्तान के झंडे हटा दिए हैं। ये पंजाब के कुछ पर्यटकों की हरकत हो सकती है। इस मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं एसडीएम धर्मशाला ने कहा कि मामले की जांच हो रही है, साथ ही कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। ये हमारे लिए और ज्यादा सतर्कता के साथ काम करने के लिए एक वेक-अप कॉल की तरह है।












Click it and Unblock the Notifications