किरन के बगैर अनुपम खेर जाते थे शिमला और शहर से दूर लिया था मकान
अनुपम खेर चाहते तो वे शिमला के वीवीआईपी इलाकों यूएस क्लब, न्यू शिमला व छोटा शिमला में शानदार मकान ले सकते थे, लेकिन उन्होंने मकान लिया उपनगर टुटू में।
शिमला। हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता अनुपम खेर इस साल के अंत में होने वाले हिमाचल विधानसभा के चुनावों में इस बार हाथ आजमाने की तैयारियों में हैं। शिमला के राजनीतिक गलियारों में इन दिनों ये चर्चा जोरों पर है। बताया जा रहा है कि अनुपम खेर भाजपा टिकट पर शिमला (ग्रामीण) से चुनाव लड़ सकते हैं।

अब दबी जुबान में स्वीकार करने लगे हैं
हिमाचल भाजपा के नेता भी अब दबी जुबान में स्वीकार करने लगे हैं कि अगर अनुपम खेर चुनाव लडना चाहें तो उन्हें कोई नहीं रोक सकता। यही वजह है कि अब शिमला (ग्रामीण) हॉट सीट बन गई है। अनुपम खेर का शिमला से गहरा नाता रहा है। वो गाहे बगाहे शिमला आते-जाते रहे हैं। इन दिनों अपने मोदी प्रेम की वजह से खासी चर्चा में रहते हैं। अनुपम खेर के शिमला से चुनाव लड़ने की चर्चाओं को उस समय ज्यादा बल मिला, जब उन्होंने पिछले दिनों शिमला के पास टुटू में मकान लिया।

लेकिन उन्होंने मकान लिया शहर से दूर
दरअसल टुटू इलाका शिमला (ग्रामीण) विधानसभा सीट के तहत आता है। अनुपम खेर चाहते तो वे शिमला के वीवीआईपी इलाकों यूएस क्लब, न्यू शिमला व छोटा शिमला में शानदार मकान ले सकते थे, लेकिन उन्होंने मकान लिया उपनगर टुटू में। इसके पीछे उनकी सुनियोजित रणनिति है। अनुपम खेर का भाजपा के प्रति झुकाव किसी से छिपा नहीं है। उनकी धर्मपत्नी चंडीगढ़ से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बनीं हैं।

काफी समय से रह रहे हैं किराए के मकान में
अनुपम खेर का शिमला से पुराना नाता है। उनके पिता स्व. पीएन खेर हिमाचल के वन महकमे में सेवारत थे। पीएन खेर व उनकी पत्नी, अनुपम की मां दुलारी खेर लंबे समय तक शिमला में फिंगास्क एस्टेट में किराए के मकान में रहे हैं। अनुपम के मां-पिता की ख्वाहिश थी कि उनका शिमला में घर हो। पहले अनुपम खेर का शिमला के नजदीक शोघी में मकान बनाने का विचार था, लेकिन उन्होंने हाल ही में शिमला के उपनगर टुटू में मकान खरीदा। अनुपम खेर के राजनीति में आने को लेकर आरंभ से ही चर्चा रही है। वे विभिन्न मंचों पर पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों के पक्ष में बोलते आए हैं। भाजपा भी हिमाचल में ऐसे चेहरों को टीम का हिस्सा बनाना चाहती है, जिनकी लोकप्रियता हो। अनुपम खेर शिमला के साथ भावनात्मक रूप से जुड़े रहे हैं। शिमला के डीएवी स्कूल में पढ़ाई, अल्फा रेस्तरां में पिता के साथ महीने में एक बार लाइट स्नैक्स व लक्कड़ बाजार में सीताराम के छोले-भटूरों का जिक्र उन्होंने कई साक्षात्कारों में कर चुके हैं।

अनुपम खेर लगाएंगे ब्रेक!
उधर, भाजपा को भी शिमला (ग्रामीण) सीट पर किसी दमदार उम्मीदवार की तलाश है। फिलहाल इस सीट से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। चर्चा ये है कि वीरभद्र सिंह इस सीट को अपने बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए छोड़ना चाहते हैं। विक्रमादित्य सिंह काफी समय से इस सीट पर सक्रिय हैं। भाजपा विक्रमादित्य सिंह की धमाकेदार एंट्री यानी विधानसभा चुनाव जीतने की आकांक्षा पर अनुपम खेर के जरिए ब्रेक लगाने की परोक्ष इच्छा रखती है। परिस्थितियां तो इसी तरफ इशारा कर रही है कि अनुपम खेर शिमला (ग्रामीण) सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications