Hathras Encounter: कल्पिता केस में बड़ी सफलता, एनकाउंटर में इनामी आरोपी गुलशन गिरफ्तार
Hathras Encounter: यूपी के हाथरस जिले में चर्चित कल्पिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी गुलशन उर्फ लुक्का को पुलिस ने आखिरकार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस शातिर अपराधी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
गिरफ्तारी मथुरा-बरेली हाइवे पर अहबरनपुर रोड के पास शुक्रवार को एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान लुक्का के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

मुठभेड़ में एक सिपाही को भी मामूली चोटें आई हैं। गिरफ्तार आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और पुलिस टीम द्वारा उसकी निगरानी भी की जा रही है।
14 जून को हुई थी कल्पिता की हत्या
14 जून को हाथरस की सदर तहसील के सामने उस वक्त सनसनी फैल गई थी जब राकेश कुमार शर्मा की बेटी कल्पिता (24) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपनी मां के साथ बाजार से लौट रही थी तभी बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी।
इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस का कहना है कि केस की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और चार्जशीट जल्द ही कोर्ट में दाखिल की जाएगी।
गुलशन के पास से मिली रिवॉल्वर
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि गुलशन उर्फ लुक्का के पास से जो रिवॉल्वर बरामद हुई है, वह साल 2023 में कल्पिता के पिता राकेश कुमार शर्मा के घर से चोरी की गई थी। इससे साफ होता है कि आरोपी पहले से ही पीड़ित परिवार को निशाना बना रहा था।
एसपी ने बताया कि यह मुठभेड़ एसओजी और हाथरस गेट कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई का नतीजा है। आरोपी के पास से हथियार बरामद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गुलशन उर्फ लुक्का पेशेवर अपराधी है और उस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। अब चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दावा किया है कि इस मामले में न्याय की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications