Hathras: पिता की हत्या करने वाली 16 वर्षीय छात्रा हरिद्वार से गिरफ्तार, धारदार हथियार से किए थे कई वार
मात्र 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पिता को अपने ही घर में मौत की नींद सुला दिया। पुलिस भी यह देखकर हैरान थी कि कक्षा 10 में पढ़ने वाली छात्रा अपने ही पिता को इतनी निर्ममता से कैसे मार सकती है।

उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी बेटी और उसका प्रेमी दोनों फरार हो गए थे। पिछले 48 घंटों से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। वहीं उत्तराखंड पुलिस ने शिक्षक पिता की हत्या की आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को हरिद्वार में गिरफ्तार कर लिया है। इसकी सूचना मिलने पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस इन दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए हरिद्वार रवाना हो गई है।
पकडे जाने पर पिता को प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट
दरअसल, मंगलवार को कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के नगला अलगर्जी में एक अध्यापक दुर्गेश कांत की हत्या कर दी गई थी। बताते हैं कि इस अध्यापक की सोलह वर्षीय पुत्री करीब 15 दिन पहले अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी। उसके बाद वह लौट आई थी। तो इस पर अध्यापक ने उसकी जमकर पिटाई की थी। आरोप है कि मंगलवार को दुर्गेश की बेटी के साथ दुर्गेश के घर पर उसकी बेटी का प्रेमी भी मौजूद था। इस पर दुर्गेश ने इन दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया था। जिसके बाद इन दोनों ने चाकू और सरिये से दुर्गेश की निर्मम हत्या कर दी थी।
हैवानों की तरह पिता पर सरिये और धारदार हथियार से किए वार
मृतक का शव घर के हॉल में रक्तरंजित अवस्था मे पड़ा मिला था। देखने से स्पष्ट था कि अध्यापक दुर्गेश कांत की हत्या एक कमरे में की गई और फिर शव को खींचकर हॉल में पटक दिया गया था। इतना ही नहीं, हत्या के बाद कमरे को धोया भी था। शिक्षक दुर्गेश कांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके सिर पर और गले पर गंभीर चोटों के निशान आए हैं। बेटी और उसके प्रेमी ने हैवानों की तरह शिक्षक पर सरिये और धारदार हथियार से वार किए थे। पूरे शरीर में जख्मों के 9 निशान मिले हैं, इनमें चार सिर पर हैं। गला काटा गया, हाथों की नस भी काट दी गई थी।
कक्षा 10 की छात्रा है हत्या की आरोपी
हत्या की आरोपी बेटी शहर के एक नामचीन विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है और उसका प्रेमी भी इसी विद्यालय में उसके साथ ही पढ़ता है। दोनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। इतना ही नहीं, नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने छोटे भाई पर भी जानलेवा हमला किया था और पिता पर किये हमले का विरोध करने पर उसे कमरे में बंद कर दिया था। पिता की हत्या के बाद बेटी और उसका प्रेमी फरार हो गए थे। पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। देर शाम पुलिस को यह जानकारी मिली कि इन्हें उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications