Vinesh Phogat Election News: जुलाना सीट से विनेश के चुनाव लड़ने पर महावीर सिंह फोगाट ने कही दिल की बात
Vinesh Phogat Latest News: रेसलिंग से राजनीति में आईं विनेश फोगाट ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में जुलाना सीट से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। सियासी दंगल में उतरी इन दिनों चुनाव प्रचार कर रही हैं। वोट मांग रही हैं। इस बीच विनेश फोगाट के राजनीति में आने पर उनके ताऊ महावीर सिंह फोगाट की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता और कुश्ती कोच महावीर सिंह फोगाट ने विनेश फोगाट के कांग्रेस का हाथ थामकर राजनीति में आने के फैसले पर निराशा व्यक्त की है। महावीर फोगाट का कहना है कि विनेश को राजनीति में आने के लिए ओलंपिक 2028 तक का इंतजार करना चाहिए था।

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार फोगाट ने कहा कि विनेश की राजनीति में आने या चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं थी। न तो बजरंग और न ही विनेश फोगट को इस बारे में कोई विचार था। पता नहीं कि कांग्रेस उन्हें राजनीति में कैसे ले आई, लेकिन उनका पहले चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं था।
महावीर फोगाटा बोले कि विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन फाइनल में अयोग्य घोषित कर दी गई। यह मेरी व्यक्तिगत राय है कि उसे 2028 ओलंपिक में भाग लेना चाहिए। स्वर्ण पदक सपना है। विनेश को यह नहीं मिला, लेकिन भारत के लोगों ने उसे अपार प्यार दिया और उन्हें उससे स्वर्ण की उम्मीद थी। लोग निराश थे, उसने जो फैसला लिया है, मैं उससे दुखी हूं कि वह राजनीति में शामिल हुई। लेकिन वह 2028 ओलंपिक के बाद यह फैसला ले सकती थी, यह बेहतर होता।
Recommended Video
उधर, विधानसभा सीट जुलाना हरियाणा के सोनीपत लोक सभा क्षेत्र का हिस्सा है। जुलाना जींद जिले में आता है। मंगलवार को विनेश फोगाट ने जुलाना में पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया और हवन अनुष्ठान किया। विनेश 6 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हुई थी। 50 किलोग्राम वर्ग के वजन में लगभग 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण पेरिस ओलंपिक खेलों से अयोग्य घोषित किए जाने के तुरंत बाद विनेश ने कुश्ती से संन्यास की घोषणा की थी।
जुलाना में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगट ने मंगलवार को भरोसा जताया कि जुलाना के लोग हरियाणा विधानसभा चुनाव में उनका साथ देंगे। उन्हें विश्वास है कि उनका समर्थन उनकी जीत की ओर ले जाएगा। "इन लोगों ने हमें कुश्ती में जिताया है और वे हमें (हरियाणा चुनाव में) जितवाएंगे। हम भगवान और बुजुर्गों के बिना कभी कुछ नहीं कर पाए, आज भी मैं उनके बिना कुछ नहीं हूं। मैं उनके आशीर्वाद से ही आगे बढ़ूंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि वे हमेशा की तरह सही का साथ देंगे।"
जुलाना विधानसभा चुनाव 2024
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 12 सितंबर है। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी। 2019 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जबकि कांग्रेस को 30 सीटें मिली थीं।












Click it and Unblock the Notifications