Russia Ukraine: फंसे भारतीयों को निकालने की बड़ी तैयारी, हरियाणवी स्टूडेंट्स बयां कर रहे हालात
चंडीगढ़। रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई छिड़ गई है। ऐसे में वहां रह रहे अन्य देशों के लोगों का जीवन भी संकट में है। यूक्रेन में अकेले भारत के 18 हजार छात्रों समेत 20 हजार लोग रह रहे हैं, और बीते कई दिनों से उनकी वापसी के लिए फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं। आज वहां तनाव की स्थिति गंभीर होने पर, उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। वहां के हालातों के बारे में भारतीय स्टूडेंट्स किसी न किसी तरह से यहां बता रहे हैं।

सरकार ने शुरू किया प्रयास
हरियाणा के भी सैकड़ों लोग यूक्रेन में हैं, एक अभियान में इंडियन एम्बेसी ने आज 150 छात्रों को रेस्क्यू किया। वहीं, यूक्रेन में मौजूदा अनिश्चितताओं और तनाव को देखते हुए, हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार की अगुवाई में एक हेल्पलाइन शुरू कर दी है। कंट्रोल रूम से व्हाट्सएप नंबर साझा किया गया है, जिसके माध्यम से सहयोग किया जाएगा। इसके अलावा एक ईमेल आईडी भी बताई है।
अपनों की फिक्र करें, यहां संपर्क करें
संपर्क विवरण- +919212314595 (केवल व्हाट्सएप), ईमेल आईडी: [email protected]
हरियाणा के एक छात्र ने बताया कि, यूक्रेन के अलग-अलग शहरों की यूनिवर्सिटीज में पढ़ रहे हजारों भारतीय छात्र जगह-जगह फंस गए हैं।
ज्यादातर में डर का माहौल है। आज सुबह के समय छात्रों का कहना था कि इंडियन एम्बेसी में फोन रिसीव नहीं हो रहे हैं, जिससे उन्हें मदद नहीं मिल पा रही है। जो छात्र रेस्क्यू नहीं हो पाए हैं, वे अपने हॉस्टल और घरों में दुबके हुए हैं।

रोहतक के मोहित ने बताई आपबीती
यूक्रेन से रोहतक के मोहित ने वहां के हालत बताए। कहा कि, अलग-अलग फ्लैट्स में रह रहे छात्र एकजुट हो गए हैं। यूक्रेन में राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, UP, MP और हिमाचल के छात्र फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि, हम रूसी बॉर्डर के पास सूमी शहर में सहपाठी के साथ फंसे हुए हैं। बाजार बंद हो गए हैं और एटीएम में कैश भी खत्म हो गया है। अब भारत सरकार से ही आस है।












Click it and Unblock the Notifications