'ओपन एंड शट केस', पुलिस अब नहीं करेगी राधिका यादव हत्याकांड की जांच! दोस्त के Video पर कही ये बात
Radhika Yadav murder Case: टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव हत्या मामले को गुरुग्राम पुलिस ने "ओपन एंड शट केस" करार देते हुए जांच अब खत्म कर दी है। पुलिस ने साफ किया कि वह इस मामले में राधिका की दोस्तों या सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को चार्जशीट में शामिल नहीं करेगी। राधिका यादव की हत्या का आरोप उनके पिता दीपक यादव पर है।
पुलिस अब फॉरेंसिक और चश्मदीद गवाहों के आधार पर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस का यह बयान उस वक्त आया जब राधिका की एक करीबी दोस्त हिमांशिका सिंह ने रविवार (13 जुलाई) को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर यह दावा किया कि राधिका के पिता दीपक यादव -जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है -ने इस हत्या की योजना पहले से बनाई थी।

राधिका यादव की दोस्त हिमांशिका सिंह ने वीडियो में क्या कहा?
हिमांशिका ने कहा,
''जब मैं उनके (राधिका) घर गई, तब मुझे पता चला कि इस हत्या की प्लानिंग तीन दिन पहले से हो रही थी। 10 जुलाई को मुझे एक न्यूज आर्टिकल से राधिका की मौत की खबर मिली। उनके अंतिम संस्कार में मैंने सुना कि उनके पिता ने तीन दिन पहले ही रिवॉल्वर खरीद ली थी।''
हिमांशिका ने दावा किया कि राधिका पिछले 10 दिनों से मानसिक रूप से परेशान थीं और अपने सपनों से हार मान चुकी थीं। हिमांशिका ने कहा, "मैं उसके बहुत करीब थी, वो बहुत ही अच्छी लड़की थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसका जीवन जैसे खत्म हो गया था। उसने यहां तक कह दिया था: 'अब जैसे आप चाहते हो वैसे ही मैं जी लूंगी।' लेकिन उसके पिता का चेहरा बिल्कुल भावहीन था।''
हिमांशिका ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने राधिका के कपड़े, मेकअप और सोशल मीडिया पर उसके एक्टिव रहने को लेकर उसके पिता को भड़काया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राधिका का इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट था और उसमें सिर्फ 69 फॉलोअर्स थे -यानी वह कोई सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नहीं थी।
गुरुग्राम पुलिस ने पूरे मामले पर क्या कहा?
न्यूज 18 के मुताबिक पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि "कोई भी व्यक्ति वीडियो बनाकर ऐसे दावे कर सकता है। हमारे पास आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हत्या और राधिका की सोशल मीडिया एक्टिविटी के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, "आरोपी दीपक यादव ने अपराध कबूल कर लिया है। दोस्तों की वीडियो में किए गए दावे जांच का हिस्सा नहीं हैं और इन्हें चार्जशीट में शामिल नहीं किया जाएगा।''
पुलिस ने यह भी बताया कि उन्होंने आरोपी से पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश की कि क्या किसी ने उसे भड़काया था, लेकिन दीपक यादव किसी का नाम नहीं ले पाया।
पुलिस ने वजीराबाद गांव के 20 से अधिक लोगों से पूछताछ की, जिनमें कुछ परिवार के करीबी भी थे, लेकिन किसी ने इस तरह की किसी बातचीत की पुष्टि नहीं की।
क्या हुआ था राधिका यादव की हत्या वाले दिन 10 जुलाई को?
राधिका यादव की हत्या उनके ही पिता दीपक यादव ने 10 जुलाई 2025 की सुबह उस वक्त कर दी जब वह रसोई में अपनी मां के जन्मदिन के लिए नाश्ता बना रही थीं।
पुलिस ने मौके से एक लाइसेंसी बंदूक और चार कारतूस बरामद किए और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक यादव ने कबूला कि गांव वालों के तानें जैसे "बेटी की कमाई पर पलना" और "उसके चरित्र पर सवाल" -ने उसे बहुत दुखी किया था। इसलिए उसने अपनी बेटी को गोली मारी।
राधिका के व्हाट्सएप चैट से सामने आया सच
पुलिस को राधिका के फोन से मिले चैट्स से पता चला कि वह घर छोड़कर अपनी मर्जी से जिंदगी जीना चाहती थीं। उन्होंने अपने कोच को मैसेज किया था, "वाना एंजॉय लाइफ, इधर काफी रेस्ट्रिक्शन है।'' वह दुबई या ऑस्ट्रेलिया जाकर पढ़ाई करने की योजना भी बना रही थीं।
ऐसे में कहा जा रहा है कि अब जब आरोपी पिता ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है और पुलिस को हत्या का हथियार, फॉरेंसिक रिपोर्ट व अन्य सबूत मिल चुके हैं, तो पुलिस ने यह साफ कर दिया है कि वे किसी भी सोशल मीडिया वीडियो या दोस्त के दावे को जांच में शामिल नहीं करेंगे। यह मामला अब जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल होने की ओर बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications