SDM के 'सिर फोड़ने' वाले बयान पर सीएम खट्टर ने कहा- शब्दों का चयन गलत, लेकिन सख्ती जरूरी
नई दिल्ली, अगस्त 30: करनाल में किसानों पर हुई लाठीचार्ज और उसके बाद एक किसान की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विपक्षी दल खट्टर सरकार पर जबरदस्त दवाब बना रहे हैं। इसी बीच एसडीएम के किसानों के 'सिर फोड़ने' वाले बयान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि एसडीएम ने जिन शब्दों का चुनाव किया वो गलत था, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती ज़रूरी थी।
Recommended Video

करनाल में किसानों के विरोध पर लाठीचार्ज के दौरान एक अधिकारी के 'सिर फोड़ने' वाली टिप्पणी पर हरियाणा के सीएम एमएल खट्टर ने कहा कि, अधिकारी के शब्दों का चयन गलत था। प्रशासन मामले की जांच करेगा। उन्हें ये शब्द नहीं बोलने चाहिए थे, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती की जरूरत थी। जब कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स काम करती है तो क्या क्या नहीं होता है। सारी सख्ती प्रयोग की जाती है।
सीएम खट्टर ने आगे कहा कि, लोकतंत्र की व्यवस्था को बहाल करना प्रशासन और शासन की ज़िम्मेदारी होती है। तो आखिर किसी को हमारी मीटिंग का विरोध करने का क्या अधिकार है, कोई अधिकार नहीं है। बल्कि आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच एक समझौता हुआ था, कि हम जो अपना प्रदर्शन करेंगे लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे। सीएम खट्टर ने कहा, इसमें उन्हें नारे लगाने की छूट है, काले झंडे दिखाने की छूट है, लेकिन किसी का रास्ता रोकना, या किसी के काम में व्यवधान डालना, ये उसमें कहीं नहीं है। ये समझौता हो चुका था, फिर भी लगातार कर ही रहे हैं।
सीएम खट्टर ने कहा कि, जीपी इस पर जांच कर रहे हैं और रिपोर्ट के आधार पर जो करना होगा किया जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि, वह (कैप्टन अमरिंदर सिंह) मेरा इस्तीफा मांगने वाले कौन होते हैं, इसके बजाय उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि किसान आंदोलन के पीछे उनका हाथ है। वहां (दिल्ली बॉर्डर पर) प्रदर्शन कर रहे किसान पंजाब के हैं। हरियाणा के किसान सिंघू या टिकरी बॉर्डर पर धरना नहीं दे रहे हैं।
खट्टर ने आगे कहा कि, पंजाब में वह (कप्तान अमरिंदर सिंह) किसानों को भड़का रहे हैं और हरियाणा में (भूपिंदर सिंह) हुड्डा साहब और अन्य कांग्रेसी नेता उन्हें भड़का रहे हैं... किसी को भी अनिश्चितकाल के लिए सड़क जाम करने का अधिकार नहीं है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा के करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज के खिलाफ हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, कुमारी शैलजा सहित वरिष्ठ नेताओं का कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल कल राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications