हरियाणा: 'इस घटना के लिए CM मनोहर लाल जिम्मेदार', INLD प्रमुख नफे सिंह राठी की हत्या पर बोले अभय चौटाला
Haryana News: हरियाणा के झज्जर में इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) के प्रमुख नफे सिंह राठी की हत्या कर दी गई। उनकी हत्या पर आईएनएलडी नेता अभय चौटाला ने कहा कि आज जो घटना हुई है, इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि मनोहर लाल सरकार इसलिए जिम्मेदार हैं, क्योंकि छह महीने पहले नफे सिंह राठी ने मुझे बताया था कि पुलिस ने उन्हें सूचित किया कि उनकी जान खतरे में है और उन पर कभी भी हमला हो सकता है।

उन्होंने बताया कि नफे सिंह राठी ने एसपी, सीएम और डीजी को पत्र लिखा है कि वे इसकी जांच करें। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षा प्रदान करें। उन्होंने सीएम मनोहर लाल खट्टर को भी जानकारी दी, लेकिन उन्हें कोई सुरक्षा मुहैया नहीं करायी गयी। जिन्हें सुरक्षा की जरूरत है, उन्हें नहीं मिल रही है, बल्कि जो कई मामलों में आरोपी हैं, उन्हें मिल रही है।
अभय चौटाला ने कहा कि मैं इस घटना के लिए साफ तौर पर सीएम मनोहर लाल को जिम्मेदार मानता हूं। अगर कोई लिखकर दे रहा है कि उसकी जान को खतरा है तो सीएम को जांच करानी चाहिए थी। उसे सुरक्षा मुहैया करानी चाहिए थी। हम मांग करेंगे कि इसकी सीबीआई जांच हो और आरोपियों को सजा मिले।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी इस पर कड़ी कार्रवाई करेगी और सरकार को इसकी सीबीआई जांच कराने के लिए मजबूर करेगी। सरकार लॉरेंस गैंग का नाम लेकर खुद को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अगर वे ऐसा कह रहे हैं तो उन्होंने कोई सुरक्षा क्यों नहीं प्रदान की।
अभय चौटाला रविवार को ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल पहुंचे थे। जहां पार्टी प्रमुख नफे सिंह राठी को मृत लाया गया था। नफे सिंह राठी को आज सुबह बहादुरगढ़ इलाके में गोली मार दी गई थी।
यह भी पढ़ें- Haryana News: दादरी में घटते लिंगानुपात पर विधायक नैना चौटाला ने जताई चिंता, विशेष योजना चलाने की मांग की












Click it and Unblock the Notifications