हरियाणा: खनन के वक्त ढही भिवानी की पहाड़ी, विशाल चट्टानों के नीचे दबे लोग, कई जिंदगियां खत्म
भिवानी। हरियाणा में आज दोपहर भिवानी की पहाड़ी ढह गई। वहां खनन कार्य में जुटे कई कर्मचारी पत्थरों और शिलाओं की चपेट में आ गए। जिससे चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों ने बताया कि, भूस्खलन जैसी घटना हुई है। उन्होंने कहा, "इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की जान चली गई। कुछ लोग लापता भी हो गए हैं। वहीं, मौके से घायलों को उपचार के लिए भेजा जा रहा है।
Recommended Video
पुलिस ने बताया कि, कुछ लोगों के पहाड़ी के नीचे दब जाने की आशंका जताई जा रही है। अभी खदान-कर्मी मौके पर हैं और हादसे के शिकार बने लोगों को खोजा जा रहा है। भूस्खलन की घटना के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई है।

नए साल पर बड़ा हादसा
भिवानी की पहाड़ियों में कई सालों से खनन-कार्य चल रहा है। यहां जेसीबी और ट्रक आए रोज देखे जा सकते हैं। आज नई साल 2022 का पहला दिन है, और आज ही यहां बड़ी घटना हो गई। घटनास्थल पर अब लोगों का जमावड़ा लगा है। भीड़ चट्टानों के नीचे दबे लोगों को खोज रही है। बताया जा रहा है कि, जेसीबी एवं मशीनरी की खुदाई के चलते भूस्खलन हुआ। विशाल चट्टानें टूटकर नीचे गिरीं। हादसे के बाद हाहाकर मच गया। पुलिस-दल पहुंच गया है और जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किया मुआयना
हादसे के बाद सूचना मिलने पर हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल भूस्खलन की घटनास्थल पहुंच गए हैं। मंत्री ने अभी कहा कि, कई लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा, ''मैं अभी सटीक आंकड़े नहीं दे सकता। डॉक्टरों की टीम जुट गई है। हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश करेंगे।'

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जताया दुख
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अभी ट्वीट किया, "भिवानी के दादम खनन क्षेत्र में दुर्भाग्यपूर्ण भूस्खलन की दुर्घटना से दुखी हूं। मैं त्वरित बचाव अभियान और घायलों को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हूं।"













Click it and Unblock the Notifications